
अमरोहा:जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र में NH 24 पर आज शाम उस समय हड़कंप मच गया जब शव लेकर जा रही ट्रेवल बस का दूध के टैंकर से एक्सीडेंट हो गया। जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हाइवे पर एक्सीडेंट होते ही चीख पुकार मच गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बसों से निकालकर अस्पताल पहुंचाया जबकि दोनों वाहन साइड कर हाइवे चालू करवाया।
इसकी हुई मौत
जानकारी के मुताबिक रामपुर के बिलासपुर शहर के मोहल्ला साहूकरा में अशोक रस्तोगी की मौत हो गई थी। परिजन व अन्य लोग उनके शव को दाह संस्कार के लिए बंसल ट्रेवल्स की बस से ब्रजघाट लेकर जा रहे थे। गजरौला में हाईवे पर हवेली होटल के सामने बस डिवाइडर कट से निकलकर सामने से आ रहे दूध के टैंकर से टकराते हुए हवेली होटल की साइड वाली बाउंड्रीवाल में जा घुसी। इसमें बस के परिचालक रुद्रपुर निवासी सुभाष की मौत हो गई। चालक रामकेश निवासी मुरादाबाद इंद्रा कालोनी समेत दस लोग घायल हो गए।
लग गया जाम
हादसे के बाद मची चीख पुकार पर तमाम लोग मौके पर जमा हो गए और घायलों को बस से बाहर निकाला। जानकारी लगते ही पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। टैंकर का पूरा दूध सड़क पर फैल गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खुलवा दिया।
Published on:
26 Nov 2019 06:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
