इंदौर और भोपाल में 1 अगस्त से बिना हेलमेट वाहन चालकों को पेट्रोल पंप से पेट्रोल नहीं मिलेगा। दोनों जिलों के कलेक्टर ने यह आदेश जारी किया है। आदेश का पालन नहीं होने पर पेट्रोल पंप संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी। यह अच्छी पहल है और जिले में भी इस तरह की सख्ती की आवश्यकता है। सड़क हादसो में हर वर्ष 100 से अधिक लोग अपनी जान गवां देते हैं। मृतकों में आधे से अधिक हेड इंजुरी वाले होते हैं। अगर हेलमेट को लेकर थोड़ी सी सख्ती की जाए तो मौत के इन आंकड़ों को कम किया जा सकता है। वर्तमान में जिले में गिनती के लोग ही हेलमेट का इस्तेमाल करते हैं। पेट्रोल पंपों में तो कोई हेलमेट लगाकर पहुंचता ही नहीं है। पत्रिका की टीम ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय में संचालित पेट्रोल पंपों का जायजा लिया तो कहीं पर भी लोग हेलमेट पहने नजर नहीं आए। यहां इस तरह का कोई आदेश नहीं होने के कारण पेट्रोल पंप संचालक भी आसानी से पेट्रोल दे रहे हैं। यहां तो कुछ लोग असुरक्षित तरीके से बोतल में भी पेट्रोल लेकर जाते हैं। सड़कों पर भी लोग बिना हेलमेट के ही वाहन दौड़ाते नजर आए। एक-दो लोगों के पास हेलमेट था भी लेकिन उसको उन्होंने हैंडल में टांग रखा था।