टिकट दलाली करते युवक गिरफ्तार, दो टिकट के साथ आरोपी पकड़ाया
मुखबिर की सूचना पर सीआईबी आरपीएफ व जवानों ने जैतहरी रेलवे स्टेशन पर की कार्रवाई
अनूपपुर। जैतहरी रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से गलत तरीके से टिकट कटाकर टिकट की दलाली करने के मामले में आरपीएफ सीआईबी अधिकारी सहित आरपीएफ थाना प्रभारी व जवानों ने शुक्रवार ४ मई की सुबह १०.१५ बजे मुखबिर की सूचना पर जैतहरी निवासी ३७ वर्षीय गणेश देववानी पिता तीरथ प्रसाद देववानी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जहां आरोपी की जांच पड़ताल में दो अन्य व्यक्तियों के नाम टिकट पाया गया। रेलवे पुलिस अधिकारियों की पूछताछ में खुद युवक ने भी टिकट दलाली की बात स्वीकारी। जिसके उपरांत आरपीएफ की टीम ने आरोपी के खिलाफ धारा १४३ के तहत मामला दर्ज कर जबलपुर न्यायलय के लिए भेज दिया। आरपीएफ थाना प्रभारी अनूपपुर ओमप्रकाश यादव के अनुसार पिछले कुछ दिनों से जैतहरी रेलवे टिकट कांउटर से एक युवक द्वारा टिकट दलाली की सूचना मिल रही थी। जिसपर शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर सुबह १०.१५ आरपीएफ की टीम ने जैतहरी रेलवे स्टेशन पर छापामार कार्रवाई की। जहां काउंटर के बगल में ही गणेश देववानी को टिकट के साथ पकड़ा गया।
-------------