26 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भाजपा से नाराज संधु सपाक्स से नामांकन भरने पहुंचे, भाजपा प्रत्याशी ने छुए पैर तो संधु ने गले लगा पहनाई माला

19 लोगों ने भरे नामांकन तो 32 हुई प्रत्याशियों की संख्या,- भाजपा प्रत्याशी ने पूछा यह विजय माला है तो संधु बोले नहीं सम्मान माला है, फिर दोनों ही ठहाके लगाकर हंस पड़े तो देखते रह गए लोग। - प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संधु ने शिवराज को बताया घोषणाओं का पिटारा, बोले कांग्रेस विधायक भी जनता के विश्वास पर नहीं उतरे खरे।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अशोकनगर

•

image

Arvind jain

•

Updated: 9 Nov 2018, 11:52 AM IST

news

भाजपा से नाराज संधु सपाक्स से नामांकन भरने पहुंचे, भाजपा प्रत्याशी ने छुए पैर तो संधु ने गले लगा पहनाई माला

अशोकनगर. टिकिट न मिलने से भाजपा से इस्तीफा देने के बाद पूर्व जिपं अध्यक्ष मलकीतसिंह संधु सपाक्स प्रत्याशी के रूप में नामांकन जमा किया। रिटर्निंग ऑफीसर कार्यालय के बाहर मुंगावली भाजपा प्रत्याशी डॉ.केपी यादव ने संधु को देखा तो पैर छुए, इस पर संधु ने पहले तो उन्हें गले लगा लिया और फिर अपने गले से माला निकालकर केपी यादव को पहना दी। इस घटनाक्रम को वहां मौजूद लोग देखते रह गए और लोग कयास लगाते दिखे कि भाजपा प्रत्याशी ने नाराज संधु को मनाने का प्रयास किया था।


गुरुवार को अपने हजारों समर्थकों के साथ जुलूस निकालते हुए मलकीतसिंह संधु कलेक्ट्रेट पहुंचे। रिटर्निंग ऑफीसर कार्यालय के बाहर बैठकर अपने दस्तावेज तैयार करा रहे थे। तभी डमी नामांकन फॉर्म जमा करके बाहर निकले भाजपा प्रत्याशी डॉ.केपी यादव ने उन्हें देखा और पास पहुंचकर संधु और उनकी पत्नी के पैर छुए, इस पर संधु ने गले लगाकर उन्हें माला पहना दी। इस पर भाजपा प्रत्याशी ने पूछा कि यह विजय माला है, तो संधु बोले नहीं यह सिर्फ सम्मान की माला है।

इसके बाद दोनों ही प्रत्याशी ठहाके लगाकर हंसने लगे। बाद में संधु ने रिटर्निंग ऑफीसर कार्यालय पहुंचकर सपाक्स प्रत्याशी के रूप में मुंगावली विधानसभा से अपना नामांकन फॉर्म जमा किया। लेकिन एक ही चुनाव में विधानसभा में एक-दूसरे के प्रतिद्वंदी बनने जा रहे इन दोनों नेताओं की मुलाकात शहर भर में चर्चा का विषय बनी रही और लोग तरह-तरह के कयास लगाते नजर आए।

मलकीतसिंह संधु भाजपा से मुंगावली विधानसभा का टिकिट मांग रहे थे, लेकिन जब उन्हें टिकिट नहीं मिला तो उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया था और वह भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं कि पार्टी ने अपने पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को छोड़कर पैरासूट से आए नेताओं को टिकिट दिया।

Patrika .com/upload/2018/11/08/as091112_3685500-m.jpg">

सीएम को बताया घोषणाओं का पिटारा, बोले कांग्रेस विधायक भी खरे नहीं उतरे-
बुधवार को सपाक्स से मुंगावली विधानसभा का प्रत्याशी बनाए जाने के बाद मलकीतसिंह संधु ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधा था। संधु ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान घोषणाओं का पिटारा हैं और मुंगावली उपचुनाव के दौरान की गई घोषणाओं को अब तक पूरा नहीं किया गया, इससे जनता से किए गए वादे सिर्फ घोषणाएं ही बनकर रह गईं।

वहीं उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुंगावली के कांग्रेस विधायक भी अपने कार्यकाल में जनता के विश्वास पर खरे नहीं उतर सके और जनता से किए गए वादों को उन्होंने भी पूरा नहीं किया। इससे मुंगावली की जनता खुद को ठगा सा महसूस कर रही है।

19 ने भरे नामांकन, तीनों विस में हुए 32 प्रत्याशी-
गुरुवार को जिले की तीनों विधानसभाओं में 19 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन फॉर्म जमा किए। जिसमें अशोकनगर से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से आशा अहिरवार, निर्दलीय जीवनदास कोरी, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया से श्याम शाक्य, बसपा से बालकृष्ण अहिरवार, निर्दलीय बीपीसिंह जाटव ने नामांकन जमा किया। वहीं चंदेरी से भारतीय पंचायत पार्टी के रविंद्रसिंह, भारतीय जनता पार्टी हरगोविंद, सपा से विमलेश लोधी, आजाद भारत पार्टी से सत्येंद्र, निर्दलीय मोहम्मद जावेद और हरगोविंद ने नामांकन जमा किए।

वहीं मुंगावली से सपा के रतिभानसिंह, भाजपा से केपी यादव, बसपा से कमलसिंह, सपाक्स से मलकीतसिंह, निर्दलीय कल्पना, मलखानसिंह, लालसिंह और यशपाल ने नामांकन जमा किए। इससे पहले अशोकनगर से चार, चंदेरी से तीन और मुंगावली से छह प्रत्याशी अपना नामांकन जमा कर चुके हैं। इससे जिले की तीनों विधानसभाओं में प्रत्याशियों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है।


आज अंतिम तारीख, बढ़ जाएगी प्रत्याशियों की संख्या-
नामांकन जमा करने की शुक्रवार को अंतिम तारीख है। इसमें कांग्रेस के तीनों प्रत्याशियों सहित चंदेरी से बसपा प्रत्याशी राजकुमारसिंह यादव भी अपना नामांकन जमा करेंगे। अंतिम दिन भारी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है। इससे तीनों विधानसभाओं में अभ्यर्थियों की संख्या बढऩे की संभावना है।