
स्कूल के बाहर खड़ी छात्रों की भीड़ में घुसी कार, 5 बच्चों की मौत
बीजिंग। चीन में एक स्कूल के बाहर खड़ी छात्रों की भीड़ में कार घुसने से 5 लोगों की मौत हो गई है। राज्य मीडिया ने बताया कि गुरुवार को पूर्वोत्तर चीन के प्राथमिक विद्यालय के बाहर खड़ी बच्चों की भीड़ में एक अनियंत्रित कार घुस गई। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। राज्य प्रसारणकर्ता सीसीटीवी ने कहा कि दुर्घटना लिओनिंग प्रांत के तटीय शहर हुलुदाओ में दोपहर के आसपास हुई। दुर्घटना के बाद ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया था। मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि घायल अठारह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुई घटना
चीन के लिओनिंग प्रांत में गुरुवार को सड़क पार कर रहे स्कूली बच्चों का एक समूह कार की चपेट में आ गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, घटना जियानचांग काउंटी में करीब अपराह्न् 2.30 बजे हुई। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में देखा जा सकता है कि एक स्कूल के सामने कुछ बच्चे सड़क पार कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार कार आती दिखाई देती है। बच्चों को देखकर यह कार अचानक लेन बदलती है और बच्चों की भीड़ में घुस जाती है। दुर्घटना के समय स्कूल के पास कोई सरकारी प्रवक्ता नहीं था।हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि दुर्घटना एक जानबूझकर हमला थी या यह अचानक हो गई। चीन में हाल ही में ऐसी कई घटनाएं देखी गई हैं। पिछले महीने ही एक व्यक्ति पूर्वी शहर निंगबो में चाकू लेकर पैदल चलने वालों की भीड़ में घुस गया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 16 घायल हो गए। इससे पहले सितंबर में 11 लोगों की मौत हो गई जब एक एसयूवी हुनान प्रांत में लोगों के बीच में घुस गई।
चीन में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
चीन के स्कूलों में ऐसे घटनाएं होने का सिलसिला कोई नया नहीं है। चीन में स्कूलों में अन्य घातक हमले हुए हैं। जून में शंघाई के एक स्कूल के पास एक आदमी ने तीन लड़कों और उनकी मां पर हमला करने के लिए रसोई चाकू का इस्तेमाल किया। जिसमें दो बच्चे मारे गए। पुलिस ने बताया है कि एक व्यक्ति ने पूर्वी चीन में एक किंडरगार्टन स्कूल के सामने के द्वार पर विस्फोट किया जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई थी।
Published on:
23 Nov 2018, 9:22 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.