Coronavirus has spread in 31 countries (Symbolic Image )
टोक्यो। रहस्यमय कोरोना वायरस ( Coronavirus ) के कारण दुनियाभर में भय और आतंक का माहौल बन गया है। लगातार तेजी के साथ यह वायरस पैर पसारता चला जा रहा है। आलम ये है कि दुनिया के 31 देशों तक कोरोना वायरस का संक्रमण फैल चुका है।
इस जानलेवा वायरस की चपेट में आने से अब तक 636 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि संक्रमित होने वालों की संख्या बढ़कर 31 हजार पार कर गई। ऐसे में अब दुनिया भर में एक खौफ का माहौल बन गया है। चीन के वुहान से शुरू हुआ यह घातक कोरोना वायरस जापान ( Coronavirus In japan ) में भी तेजी के साथ फैलता जा रहा है। जापान में इस वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी के साथ लगातार बढ़ती जा रही है।
जापान के सरकारी प्रसारक NHK के मुताबिक, 41 और लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। यह सभी लोग डायमंड प्रिंसेस क्रूज जहाज पर सवार थे। बता दें कि इससे पहले क्रूज पर सवार अन्य 20 लोगों में भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी।
इसके साथ ही जापान में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 20 से बढ़कर 61 हो गई है। बता दें कि डायमंड प्रिंसेस क्रूज जहाज पर कुल 3 हजार 700 लोग सवार हैं। सभी लोगों को 14 दिन तक क्रूज पर ही निगरानी में रखा गया है।
11 और 12 फरवरी को विशेषज्ञ करेंगे मंथन
इस भयावाह स्थिति को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन ( World Health Organization ) ने वैश्विक आपातकाल की घोषणा पहले ही कर दी है और अब इस वायरस से संक्रमित इलाज व रोकथाम पर मंथन के लिए जेनेवा में 11 और 12 फरवरी को दुनिया भर के सैंकड़ों विशेषज्ञ जमा होंगे।
इस दौरान में इस बात पर चर्चा की जाएगी कि कैसे इस महामारी से निपटा जाए और इसके इलाज के लिए दवाओं और वैक्सीन के विकास में तेजी लाने पर चर्चा की जाएगी।
आपको बता दें कि इस महामारी के कारण अब तक 636 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि एक ऐसी रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें यह दावा किया गया है कि मरने वालों की संख्या 24,589 तक पहुंच गई है, जबकि 1.54 लाख लोग चीन में संक्रमित हैं।
रिपोर्ट के अनुसार चीन की सोशल साइट टेनसेंट और नेटईस में कोरोना वायरस के डेली बुलेटिन के आंकड़े जारी किए गए हैं। बहरहाल चीनी सरकार की ओर से इस मामले में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।