
बीजिंग। चीन के सिचुआन प्रांत में बुधवार को भारी बारिश की वजह से चेंगदू शुआंगल्यू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब 9 हजार लोग फंसे रहे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कहा कि 34 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है, 98 देरी से हैं और 30 उड़ानों को वैकल्पिक हवाईअड्डों पर उतारा गया है। इस गर्मी में सिचुआन में भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बारिश के लगातार जारी रहने पर लोगों को आपदा के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी है।
तेज हवाओं के साथ बारिश
सिचुआन में तड़के 3 बजे से 5 बजे और फिर सुबह 10.30 बजे तेज हवा के साथ बारिश ने दस्तक दी। पूरे शहर में भारी बारिश हुई, जिससे हवाई अड्डे को दो बार अस्थायी रूप से बंद करने को मजबूर होना पड़ा। भारी बारिश से शहर में चारों तरफ पानी जमा हो गया है। इसके अलावा सड़कों पर भारी जाम भी देखा गया। बताया जा रहा है कि तेज बारिश की वजह से फसलों को भी नुकसान हुआ है।
जून में भी आया था तूफान
इससे पहले जून महीने में चीन के गुआंग्दोंग में तूफान ने हजारों लोग प्रभावित हुए थे। यहां पर तेज हवाएं और भारी बारिश काफी नुकसान हुआ था। मौसम विभाग ने बताया था कि तूफान ने तड़के 6.25 बजे शिनलियाओ में दस्तक की। इस दौरान हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा रही। गुआंग्डोंग और हेनान प्रांतों में तेज हवाओं और तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। इससे पहले इसी साल जनवरी महीने में भी चीन में भीषण तूफान आया था। इस बर्फीले तूफान में 13 लोगों से अधिक की मौत हो गई थी जबकि लाखों लोग प्रभावित हुए थे। एक रिपोर्ट के अनुसार इस तूफान से कृषि क्षेत्र को 12 करोड़ 20 लाख डॉलर का नुकसान हुआ था। चीन सरकार ने नौ शहरों ने हिमपात के कारण आपात स्थिति की घोषणा कर दी थी।
Published on:
5 Sep 2018, 6:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.