
सिंगापुरः अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग सिंगापुर पहुंच चुके हैं। ट्रंप के साथ होने वाली मुलाकात से पहले रविवार को किम जोंग-उन ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सियन लूंग से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय बातचीत भी की। बताया जा रहा है कि सिंगापुर के प्रधानमंत्री ने किम जोंग को अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड से मुलाकात के दौरान हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है। इससे पहले चांगी हवाई अड्डे पर सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियान बालकृष्णन ने किम जोंग का स्वागत किया। यह तीसरा मौका है जब किम जोंग ने विदेश की यात्रा की है। इससे पहले वे दक्षिण कोरिया और चीन का दौरा कर चुके हैं।
सिंगापुर ने कड़ी की सुरक्षा व्यवस्था
अमरीकी राष्ट्रपति और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग के बीच 12 जून को होनी ऐतिहासिक बैठक पर दुनिया भर की निगाहे हैं। यह पहली बार है जब किसी अमरीकी राष्ट्रपति और उत्तर कोरियाई नेता की मुलाकात होगी। दोनों नेताओं की मुलाकात को देखते हुए सिंगापुर में हवाई क्षेत्र भी प्रतिबंधित रहेगा। सिंगापुर की पुलिस ने ट्रंप और किम की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।