30 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नॉर्थ कोरिया की चेतावनी, समुद्री नाकाबंदी हुई तो युद्ध की घोषणा तय

उत्तर कोरिया द्वारा हालिया बैलिस्टिक मिसाइल लांच किए जाने के बाद अमरीका ने कहा था कि वह उस पर नए प्रतिबंध लगा सकता है।

2 min read
Google source verification

image

Mohit sharma

Dec 10, 2017

North Korea warns

नई दिल्ली। अमरीका द्वारा नए प्रतिबंध लगाए जाने का संकेत देने के बाद उत्तर कोरिया ने रविवार को कहा कि समुद्री नाकाबंदी युद्ध की घोषणा होगी। उत्तर कोरिया द्वारा हालिया बैलिस्टिक मिसाइल लांच किए जाने के बाद अमरीका ने कहा था कि वह उस पर नए प्रतिबंध लगा सकता है। सरकारी समाचारपत्र रोडोंग सिनमुन में प्रकाशित एक आलेख के अनुसार अमरीका के समुद्री नाकाबंदी के कदम को कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता क्योंकि इससे वे एक स्वतंत्र देश की गरिमा और सम्प्रभुता का उल्लंघन करते हैं।

आलेख में कहा गया कि अमेरिका खुलेआम उत्तर कोरिया के खिलाफ समुद्री नाकाबंदी का कदम उठाने की कोशिश कर रहा है और शांति के समय में इसकी अर्थव्यवस्था का गला घोंटने की कोशिश कर रहा है। यह उत्तर कोरिया के खिलाफ राजनीतिक और आर्थिक नाकाबंदी बढ़ाने की उसकी चाल है, जो दशकों से चली आ रही है। समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, आलेख में कहा गया कि अंतर्राष्ट्रीय संधियों में उल्लेख किया गया है कि शांति के समय किसी देश की आर्थिक नाकाबंदी करना एक गैरकानूनी काम है और इसे आक्रमण माना जाता है।

उत्तर कोरिया ने 29 नवंबर को अपना अब तक की सबसे उन्नत अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल ह्वासोंग-15 लांच किया था। परिणामस्वरूप अमरीका ने उत्तर कोरिया पर नए प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है। अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन के मुताबिक, इसमें उसके (उत्तर कोरिया) समुद्री परिवहन पर पूरी तरह प्रतिबंध शामिल है। नॉर्थ कोरिया के इस परीक्षण से अमरीका इसलिए चिंतित हुआ है, क्योंकि इस बैलिस्टिक मिसाइल ने वॉशिंगटन और पूर्वी अमेरिका के समुद्री तट को भी प्रभावित किया है। हर बार की तरह इस बार भी अमरीका ने नॉर्थ कोरिया के इस सफल परीक्षण का कड़ा विरोध किया है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रक्षा मंत्री जिम मैटिस ने नॉर्थ कोरिया के इस परीक्षण का कड़ा विरोध किया है। इसी के साथ अमरीका और नॉर्थ कोरिया के बीच एक बार फिर से युद्ध की स्थिति पैदा हो गई है।