
आपको बता दें कि महिला उम्मीदवार में सबसे बड़ा नाम पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी मरयम नवाज का है। बता दें कि मरयम नवाज नेशनल असेंबली सीट 125 से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रही हैं। हालांकि पहले यह खबर थी वो अपने परिवार की परंपरागत सीट 120 से चुनाव लड़ेगी।

पाकिस्तान मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मरयम नवाज ने एक निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया है। पाकिस्तान मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि मरयम नवाज को पेंसिल चुनाव चिन्ह मिला है। बता दें कि मरयम नवाज का यह पहला चुनाव है।

चुनाव प्रचार में जुटी हमीदा शाहिद इमरान खान की पार्टी से उम्मीदवार हैं। इमरान खान ने हमीदा को खैबर पख्तूनख्वा की प्रांतीय असेंबली सीट 10 से टिकट दिया है। बता दें कि इस सीट पर महिलाओं को पहले वोट देने का अधिकार नहीं था।

इमरान खान ने अपनी पार्टी से एक ओर महिला उम्मीदवार को टिकट दिया है। इमरान ने खैबर पख्तुनख्वां से पार्टी की तेज़तर्रार नेता मोमिना बासित को टिकट दिया है।

पाक की पहली महिला प्रधानमंत्री रहीं बेनजीर भुट्टो और पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की बेटी आसिफा भुट्टो जरदारी भी इस बार चुनाव मैदान में उतर रही हैं। आसिफा लरकाना और नवाबशाह सीट से चुनाव लड़ेंगी।

इमरान खान से प्रभावित होकर राजनीति में आईं जरताज गुल वजीर को भी टिकट दिया है। जरताज नेशनल असेंबली सीट 191 से चुनावी मैदान में हैं। 2013 में जरताज ने नेशनल असेंबली 172 से चुनाव लड़ा, लेकिन वो हार गईं थीं। फिलहाल, वो एक बार फिर मैदान में हैं और जमकर चुनाव प्रचार कर रही हैं।

आपको बता दें कि पाकिस्तान में नए कानून लागू होने के बाद महिलाओं की भागीदारी बढ़ गई है। इस बार के चुनाव में कुल 21,482 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है, जिसमें 436 महिलाएं और दो ट्रांसजेंडर शामिल हैं।

बता दें कि पिछले आम चुनाव के मुकाबले इस बार कम उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है। 2013 में कुल 28,302 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। सबसे ज्यादा पंजाब प्रांत से 231 महिलाओं ने इस बार पर्चा भरा है।

हालांकि यह संख्या घट-बढ़ भी सकती है, क्योंकि अभी तक पार्टियों की ओर से लिस्ट फाइनल नहीं हुई है। चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार आम चुनाव में 10 करोड़ 65 लाख वोटर हैं। इनमें 5.92 करोड़ पुरुष और 4.67 करोड़ महिला वोटर हैं।