
File Photo of Ram Mandir
राममंदिर निर्माण से पहले भक्तों के लिए सभी तरह की सुविधाओं को विकसित करने का कार्य तेजी से चल रहा है। रामलला के दर्शन को जाने वाले तीन पहुंच मार्गों के पुननिर्माण का काम शुरू होने वाला है। तीनों मार्ग काशी मॉडल पर विकसित किए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन को 120 करोड़ की धनराशि आवंटित की गई है। मार्ग निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। बता देें कि राममंदिर के तीन मार्गों को रामपथ, जन्मभूमि पथ और भक्ति पथ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें सहादतगंज-नया घाट मार्ग को रामपथ, सुग्रीव किला से रामजन्मभूमि को जन्मभूमि पथ और श्रृंगारहाट से श्रीरामजन्मभूमि को भक्ति पथ का नाम दिया गया है।
इस तरह आवंटित हुई राशि
भक्तों की जनसुविधाओं को देखते हुए सबसे राममंदिर के इन तीनों पहुंच मार्गों को विकसित किया जाएगा। तीनों मार्गों पर बस शेल्टर, पैदल पथ, ई-टॉयलेट आदि की व्यवस्था रहेगी। राम मंदिर के तीन पहुंच मार्गों के लिए शासन की ओर से 13 किमी लंबे रामपथ मार्ग के निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इस मार्ग पर जमीन अधिग्रहण व मुआवजा के लिए 190 करोड़ पहले ही दिए जा चुके हैं। इसी तरह दो किमी के जन्मभूमि पथ के विकास के लिए 11 करोड़ और 150 मीटर के भक्ति पथ के लिए नौ करोड़ रुपये दिए गए हैं।
जल्द शुरू होगा एयरपोर्ट के दूसरे चरण का काम
अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण का काम भी तेजी से चल रहा है। अब तक रनवे का 40 फीसदी काम पूरा हो चुका है। दिसंबर तक रनवे बन जाएगा। बता दें कि श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे का काम बंगलुरु की विशाल इंफ्रास्ट्रक्चर के जिम्मे है। फेज-2 और फेज-3 के लिए भी जमीन अधिग्रहण का 99 फीसदी पूरा हो गया है। जल्द ही एयरपोर्ट के दूसरे चरण का भी काम शुरू होने की उम्मीद है। एयरपोर्ट के प्रोजेक्ट इंचार्ज राजीव कुलश्रेष्ठ के अनुसार दिसंबर तक रनवे का काम पूरा कर लिया जाएगा।
Updated on:
13 Aug 2022, 3:45 PM IST
Published on:
13 Aug 2022, 3:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.