लोगों में इस बात की उत्सुकता है कि राम मंदिर के शिलान्यास के दौरान किन सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाएगा। काशी विद्वत परिषद के मंत्री और बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म संकाय ज्योतिष विभाग के प्रोफेसर पंडित रामनारायण द्विवेदी ने बताया कि नींव में पंच रत्न- मूंगा, पन्ना, नीलम, माणिक्य और पुखराज के साथ ही बाबा विश्वनाथ को चढ़ाए हुए पांच रजत बेलपत्र, पांच चांदी के सिक्के डाले जाएंगे। चांदी के ये पांच सिक्के नंदा, जया, भद्रा, रिक्ता और पूर्णा के प्रतीक होंगे। राम मंदिर के शिलान्यास में शेषनाग की प्रतिकृति और चांदी के कछुए की भी नींव में डाली जाएगी।