
राम मंदिर चंदा चोरी पर क्या बोले अमेठी सांसद केएल शर्मा। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज
Ayodhya Ram Mandir Donation Row:अयोध्या राम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्र से कथित चढ़ावा चोरी के मामले में विवाद गहराता नजर आ रहा है। इस मामले ने राजनीतिक और धार्मिक हलकों में भी नई बहस छेड़ दी है। मामले को लेकर अमेठी से कांग्रेस सांसद केएल शर्मा ने बड़ा बयान दिया।
एक निजी चैनल से बातचीत में कांग्रेस सांसद केएल शर्मा ने राम मंदिर दान विवाद को लेकर कहा, '' FIR हुई नहीं, उससे पहले ही SIT का गठन हो गया। ये सिर्फ 4-6 लोगों को मोहरे बनाएंगे जो इस घटना के पीछे छिपे हुए लोग हैं वह छिपे रहेंगे। सरकार को उन छिपे हुए लोगों को सामने लाना चाहिए जिन्होंने जन भवाना से खिलवाड़ किया।''
मामले में चंपत राय की चुप्पी को लेकर उन्होंने कहा, '' जब मुंह से लड्डू आ जाता है तो कुछ कहा नहीं जा सकता है। चंपत राय जी के मुंह में लड्डू फंसा हुआ है, तो कैसे वह बोलेंगे? जनता जानती है कि उनकी आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है।'' उन्होंने कहा कि तिरुपति बालाजी में एक-एक पैसे का हिसाब रखा जाता है।
बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच फैजाबाद बार एसोसिएशन ने एक अहम बैठक कर बहुत बड़ा फैसला लिया है। वकीलों ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कई बड़ी चेतावनियां दी हैं जिसने अयोध्या के सियासी और प्रशासनिक हलकों में भारी हलचल पैदा कर दी है।
वकीलों के भारी आक्रोश का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने चंपत राय अनिल मिश्रा और गोपाल राव को सीधे निशाने पर लिया है। वकीलों ने इन तीनों पदाधिकारियों को तीन दिन के भीतर अयोध्या छोड़ने का सख्त अल्टीमेटम दिया है। बार एसोसिएशन ने साफ चेतावनी दी है कि अगर तीन दिन में ऐसा नहीं होता है तो वे पूरी अयोध्या को जाम कर देंगे और किसी भी बाहरी व्यक्ति को शहर में घुसने नहीं दिया जाएगा।
चंदा चोरी केस में अब तक 8 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है और उन्हें गिरफ्तार किया जा चुका है। इन सभी 8 अभियुक्तों की रिमांड आज खत्म हो रही है जिसके बाद सभी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि पुलिस आगे की पूछताछ के लिए सभी अभियुक्तों की दोबारा रिमांड की मांग कर सकती है। इससे पहले रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के घरों पर सघन छापेमारी भी की थी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने ज्वैलरी कैश और प्रॉपर्टी के कई अहम कागजात बरामद किए हैं।
Updated on:
29 Jun 2026 01:23 pm
Published on:
29 Jun 2026 01:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
