
अयोध्या. अयोध्या एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। आज से मंदिर निर्माण समिति की बैठक शुरू होगी और कल भी मंथन होगा। राम मंदिर निर्माण समिति अध्यक्ष नृपेन्द्र मिश्र अयोध्या पहुंच गए है। हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद रामलला के दरबार में भी हाजिरी लगाई। रामजन्मभूमि कार्यशाला की विधिवत शुरूआत के लिए यह बैठक की जा रही है। इसके साथ ही मंदिर निर्माण की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। पर कुछ लोगों का मानना है कि बैठक में कथित जमीन खरीद में लगे दाग को कैसे साफ करें इस पर चर्चा होगी।
नींव भराई कार्य का नृपेन्द्र मिश्र करेंगे निरीक्षण :- मंदिर निर्माण समिति की बैठक का आज पहला सत्र रामजन्मभूमि परिसर में होगा। सबसे पहले नृपेन्द्र मिश्र राम मंदिर नींव भराई कार्य का निरीक्षण करेंगे। फिर कार्यदाई संस्था एलएण्डटी व मानीटरिंग एजेंसी टीईसी के विशेषज्ञों व रामजन्मभूमि ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ विमर्श करेंगे।
तीन सत्र रहेंगे कफी अहम :- दूसरे, तीसरे व चौथे सत्र की सभी बैठकें सर्किट हाउस में होंगी। ये सत्र काफी महत्वपूर्ण हैं। इसमें जमीन घोटाले, मंदिर निर्माण प्रगति व लखनऊ में पकड़े गए आतंकियों के बाद मंदिर की सुरक्षा के मामले पर गंभीर ढंग से चर्चा होगी।
सभी ट्रस्टियों की उपस्थिति जरूरी नहीं :- कामेश्वर चौपाल
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल ने बताया कि, मंदिर निर्माण समिति की दो दिवसीय बैठक 14 व 15 जुलाई को होगी। बैठक में सभी ट्रस्टियों की उपस्थिति जरूरी नहीं होती है। यह विषय तकनीकी है जिसमें मंदिर निर्माण समिति अध्यक्ष व समिति के अन्य अपेक्षित सदस्यों के अतिरिक्त कार्यदाई संस्था के विशेषज्ञ गण शामिल होंगे। इसके अलावा ट्रस्ट महासचिव चंपत राय व कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देव गिरि शामिल होंगे।
अयोध्या में हैं महत्वपूर्ण सदस्य :- सूत्रों के अनुसार बैठक के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य डॉ अनिल मिश्र, निर्मोही अखाड़ा के महंत दिनेंद्र दास अयोध्या में है।
पत्थरों की तराशी के लिए कार्यशाला पर मंथन :- राम मंदिर निर्माण समिति बैठक में पत्थरों की तराशी के लिए कार्यशाला शुरू करने पर चर्चा होगी। इसलिए पूरी संभावना है कि, इस बैठक में आशीष सोमपुरा व निखिल सोमपुरा भी शामिल हों। कार्यशाला के लिए पत्थर कटिंग मशीनों का परीक्षण हो चुका है। मंदिर निर्माण समिति की सहमति मिलने के बाद कारीगरों व श्रमिकों को बुला लिया जाएगा।
Updated on:
14 Jul 2021, 12:11 PM IST
Published on:
14 Jul 2021, 12:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.