2 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘मेरी सेवा अयोध्या में पूरी’, चंपत राय ने राम मंदिर दान विवाद को लेकर करीबियों से कहा- कलंक लेकर नहीं जाऊंगा

Ram Mandir Donation Controversy Row: राम मंदिर दान चोरी विवाद को लेकर चंपत राय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कलंक लेकर नहीं जाऊंगा।
3 min read
Google source verification
champat rai big statement on ram temple donation controversy know what he said ayodhya

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा अपडेट। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

Champat Rai Big Statement: अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को लेकर नई चर्चाएं सामने आई हैं। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि चंपत राय इन दिनों एकांतवास में हैं और उन्होंने अपने कुछ करीबी लोगों से बातचीत भी की है। हालांकि इन दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

'अयोध्या में मेरी सेवा पूरी हो गई' का दावा

सूत्रों के अनुसार, बातचीत के दौरान चंपत राय ने कथित तौर पर कहा कि "अयोध्या में मेरी सेवा पूरी हो गई है"। यह भी दावा किया जा रहा है कि उन्होंने यह भी कहा कि "मैं कलंक लेकर नहीं जाऊंगा।" हालांकि इन कथित बयानों को लेकर न तो श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया दी गई है और न ही चंपत राय की ओर से कोई बयान जारी किया गया है।

एसआईटी और पुलिस की जांच लगातार जारी

दूसरी ओर राम मंदिर परिसर से चढ़ावे और अन्य कीमती सामान की कथित चोरी के मामले में एसआईटी और अयोध्या पुलिस की जांच लगातार जारी है। जांच एजेंसियां पूरे प्रकरण के हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं और आरोपियों से जुड़े सभी तथ्यों को खंगालने में जुटी हैं। ऐसे में चंपत राय को लेकर सामने आई चर्चाओं पर भी सभी की नजर बनी हुई है।

लवकुश के घर पुलिस की सघन तलाशी

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी लवकुश के घर पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। पुलिस टीम ने घर के हर हिस्से की गहन जांच की। यहां तक कि जानवरों के लिए रखे सूखे भूसे और चारे को भी डंडों की मदद से खंगाला गया, ताकि कोई संदिग्ध सामान छिपा न रह जाए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लवकुश के पिता बच्चू लाल मिश्रा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

अनुकल्प के पैतृक गांव में भी पहुंची पुलिस

अयोध्या पुलिस की एक टीम कथित आरोपी अनुकल्प के पैतृक गांव इनायतनगर थाना क्षेत्र के बसावा मुतालके ईट गांव भी पहुंची। पुलिस ने वहां स्थित मकान और आसपास के परिसर का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि खेतों के बीच बने इस बड़े मकान का हाल ही में नवीनीकरण कराया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस संपत्ति में लगाए गए धन का स्रोत क्या है।

संपत्तियों और आर्थिक लेन-देन की जांच

सूत्रों के अनुसार पुलिस उन संपत्तियों और आर्थिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है, जिनका संबंध आरोपियों से बताया जा रहा है। जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि अनुकल्प के परिवार के नाम पर गांव में बड़ी संपत्ति मौजूद है। वहीं, लवकुश द्वारा अपनी पत्नी के नाम पर जमीन खरीदने और अनुकल्प द्वारा कौशलपुरी क्षेत्र में मकान खरीदने की भी जांच की जा रही है। हालांकि जांच एजेंसियों की ओर से अभी तक इन संपत्तियों को कथित गड़बड़ी से जोड़ने संबंधी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया गया है।

रिश्तों और आर्थिक कड़ियों की भी हो रही पड़ताल

जांच में यह भी सामने आया है कि अनुकल्प और लवकुश आपस में रिश्तेदार हैं। जानकारी के अनुसार अनुकल्प की बहन सुप्रिया की शादी लवकुश से हुई है। पुलिस अब पारिवारिक संबंधों के साथ-साथ वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने लाई जा सके।

जांच पूरी होने का इंतजार

राम मंदिर चढ़ावा विवाद लगातार नया मोड़ ले रहा है। एक ओर चंपत राय को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं, वहीं दूसरी ओर एसआईटी और पुलिस की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। फिलहाल पूरे मामले में जांच एजेंसियों की अंतिम रिपोर्ट और आधिकारिक निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है।

बड़ी खबरें

View All

अयोध्या

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग