
Ayodhya Police
अयोध्या : कोतवाली क्षेत्र अयोध्या के नया घाट चौकी अंतर्गत सरयू तट के किनारे एक युवक और युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है . मृत युवक और युवती प्रेमी और प्रेमिका बताए जा रहे हैं . जिसमें युवक पड़ोसी जनपद बस्ती का रहने वाला है और युवती अयोध्या की रहने वाली है . दोनों के शव अयोध्या में सहारा श्मशान घाट के पीछे नदी के कछार में मिले हैं . संभवता नदी में डूबने के बाद दोनों का शव नदी के किनारे रेत पर पहुंच गया है . घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है . युवक और युवती के शव युवती के दुपट्टे से एक दूसरे से बंधे थे जिसके कारण पानी में रहने के बावजूद दोनों के शव एक साथ ही नदी के किनारे आकर लग गए .
दो दिन पूर्व पुलिस ने दोनों को पुलिस चौकी लाकर की थी पूछताछ परिजनों ने दोनों को साथ ले जाने से किया था इनकार
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह अयोध्या के सहारा श्मशान घाट के पीछे युवक और युवती के शव पड़े होने की सूचना मिली . जिसके बाद जब मौके पर पुलिस पहुंची तो शव की तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद आधार कार्ड के मुताबिक युवक की पहचान नरेंद्र गुप्ता 22 वर्ष पुत्र राम कुबेर निवासी रानीपुर बस्ती और युवती की शिनाख्त मधु गौतम 21 वर्ष पुत्री अयोध्या प्रसाद निवासी लवकुशनगर रामघाट के रूप में हुई है . बताया जा रहा है कि 2 दिन पूर्व दोनों को अयोध्या के राम घाट के पास देखा गया था जिसके बाद पीआरवी यूपी 100 की टीम ने चौकी पर लाकर दोनों से पूछताछ की और दोनों के बताए गए पते के आधार पर उनके परिजनों से संपर्क कर उनसे भी बातचीत की . जिसमें युवक और युवती ने अपने परिजनों को बताया कि 2 वर्ष पहले ही दोनों ने शादी कर ली है . इसके बाद परिजनों ने इनसे किसी भी प्रकार का संबंध रखने से इंकार कर दिया और वापस चले गए . जिसके बाद पुलिस का कहना है कि पुलिस ने छोड़ दिया था ,लेकिन दो दिन बाद ही दोनों के शव नदी के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई है . प्रथम दृष्टया पुलिस का कहना है कि दोनों ने नदी में कूदकर आत्महत्या की है . शव 2 दिन पुराना होने के कारण क्षत विक्षत हो गया है फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है .
Published on:
24 May 2018, 10:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.