5 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘पैसे की नहीं आस्था की चोरी’, चढ़ावा विवाद पर मौलाना साजिद रशीदी का तंज कहा- आखिर मोहन भागवत चुप क्यों हैं?

Ayodhya Ram Mandir Donation Scam: 'यह पैसे की नहीं, आस्था की चोरी है', राम मंदिर चंदा विवाद में अब ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी की भी एंट्री हो गई है। रशीदी ने RSS प्रमुख मोहन भागवत से इस मामले पर बयान देने की मांग की और चंपत राय के इस्तीफे को लेकर भी सवाल उठाते हुए पूछा- 'अगर इस्तीफा दिया गया था, तो वह आज तक सार्वजनिक क्यों नहीं हुआ?' पूरी खबर पढ़िए...
2 min read
Google source verification
Ayodhya News, Ram Mandir Donation Scam, Maulana Sajid Rashidi, Mohan Bhagwat, Champat Rai, UP News, , RSS Chief, Dattatreya Hosabale, राम मंदिर चंदा चोरी

चढ़ावा विवाद पर मौलाना साजिद रशीदी का बयान (फोटो- पत्रिका)

Ram Mandir Donation Controversy: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद में अब ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी भी खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत की चुप्पी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के कथित इस्तीफे की सच्चाई को लेकर भी सरकार और ट्रस्ट को घेरा है।

'यह पैसे की नहीं आस्था की चोरी है'

राम मंदिर के चढ़ावे में हुई हेराफेरी पर प्रतिक्रिया देते हुए मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि इस गंभीर मुद्दे पर मोहन भागवत को एक स्पष्ट बयान देना चाहिए था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, "जब मोहन भागवत हर विषय और खासकर मुसलमानों के बारे में बयान देते हैं, तो उन्हें इस मामले पर भी अपनी बात रखनी चाहिए।" साजिद रशीदी ने कहा कि यह कोई छोटा मामला नहीं है बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था को ठगा गया है। उन्होंने साफ कहा कि मैं इसे सिर्फ पैसे की चोरी नहीं मानता बल्कि यह सीधे तौर पर आस्था की चोरी है और इस पर संघ प्रमुख को जवाब देना चाहिए।

चंपत राय का इस्तीफा 'पब्लिक डोमेन' में क्यों नहीं?

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के इस्तीफे की खबरों पर भी मौलाना साजिद रशीदी ने सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि सबसे बड़ा सवाल तो यही है कि इस्तीफा आखिर है कहां? उन्होंने कहा कि आज तक वह इस्तीफा पब्लिक डोमेन में यानी जनता के सामने नहीं आया है। जब इस्तीफा पब्लिक डोमेन में है ही नहीं तो उसे वापस लेने या संतों द्वारा नामंजूर करने की बात कहां से आ गई। साजिद रशीदी ने मांग की कि पहले सरकार या चंपत राय उनका इस्तीफा जनता को दिखाएं और फिर उस पर कोई चर्चा करें।

चंदा चोरी पर पहली बार मोहन भागवत ने तोड़ी चुप्पी

राम मंदिर चंदा-चोरी से जुड़े विवाद पर जब आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से सवाल किया तो उन्होंने बहुत ही नपे-तुले शब्दों में अपनी बात रखी। मोहन भागवत ने कहा कि इस पूरे मामले पर बीते कल ही संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले की ओर से एक विस्तृत बयान जारी किया जा चुका है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आप सभी उस बयान को देख सकते हैं उसमें संघ का रुख पूरी तरह से स्पष्ट कर दिया गया है।

विपक्ष लगातार साध रहा है निशाना

गौरतलब है कि राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में करोड़ों रुपए की कथित हेराफेरी के आरोप लगने के बाद से ही विपक्षी दल और कई संगठन लगातार RSS और BJP पर निशाना साध रहे हैं। अब ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष ने भी इस मामले में मोहन भागवत की चुप्पी पर कड़े सवाल उठाए हैं। ऐसे में मोहन भागवत का बयान काफी अहम माना जा रहा है। आखिर क्यों उन्होंने इस विषय पर अलग से कोई टिप्पणी करने के बजाय संगठन द्वारा जारी किए गए आधिकारिक बयान का हवाला देना ही मुनासिब समझा?