
बदलेगी रामनगरी की सूरत, राम मंदिर से चार किलोमीटर की दूरी पर धनुष के आकार की बनेगी नई अयोध्या
अयोध्या. राम मंदिर (Ram Mandir) शिलान्यास के बाद धर्मनगरी अयोध्या के भाग्य भी खुलने लगे हैं। मंदिर के निर्माण के साथ ही रामनगरी अयोध्या को नया लुक दिया जाएगा। नई अयोध्या नए डिजाइन में धनुष के आकार की होगी। इसे धनुषाकार यानी करमुखा पद्धति से डिजाइन किया गया है। नई अयोध्या को विश्व के सांस्कृतिक व धार्मिक धरोहरों के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इससे न सिर्फ शहर को एक नया रूप मिलेगा बल्कि राम मंदिर की छठा में भी चार चांद लगेंगे। योगी सरकार वैसे ही पर्यटन के लिहाज से क्षेत्र में काम कर रही है।
स्मार्ट सिटी बनेगी अयोध्या
नई अयोध्या को स्मार्ट सिटी के तौर पर विकसित किया जाएगा। आवास विकास ने इसे पौराणिक, सांस्कृतिक आस्था के केंद्र के साथ ही भविष्य में बढ़ने वाली जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए गढ़ा है। ले आउट बनाने से पहले आवास विकास के विशेषज्ञ इंजीनियरों व वास्तुविदों ने प्राचीन वैदिक नगरों के निर्माण व विकास में प्रयुक्त आठ विधाओं का परीक्षण किया है। काफी विचार विमर्श के बाद धनुषाकार के लेआउट से अयोध्या को सजाने का निर्णय लिया गया।
राम मंदिर से चार किमी दूरी पर होगी नई अयोध्या
राम मंदिर से नई अयोध्या की दूरी चार किलोमीटर है। लेकिन इस पद्धति की डिजाइनिंग से राम मंदिर के पास से जो सड़कें निकलेंगी वह ऐसे दिखेंगी जैसे मंदिर से सूर्य की किरणें निकल कर बिखर रही हों। सड़कों के रूप में यह किरणें लंबी दूरी तक दिखाई देंगी। खास बात यह है कि यह भगवान राम की प्रतिमा के नजदीक से लेकर नई अयोध्या के आखिरी छोर तक सड़कें सूर्य की किरणों की भांति ही नजर आएंगी।
Updated on:
10 Oct 2020 10:50 am
Published on:
10 Oct 2020 10:50 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
