
Sultanpur News: निजी अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब पता चला कि एक स्टाफ नर्स का शव पीछे के कमरे में फंदे से लटक रहा है। पुलिस ने स्टाफ नर्स के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के गभड़िया मोहल्ले की आंचल बानो गभड़िया में ही निजी अस्पताल सरदार नर्सिंग होम में बतौर स्टाफ नर्स कार्यरत थी।
शुक्रवार को उसका शव पीछे के कमरे में लटकता हुआ स्वीपर ने देखा तो चिल्लाने लगा। इसकी जानकारी जब डा मकसूद सरदार को हुई तो उन्होंने तुरंत कमरे का दरवाजा तोड़वाया। डॉ ने स्टाफ नर्स के परिजनों को सूचित करते हुए नगर कोतवाली को सूचित किया। सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने स्टाफ नर्स के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्टाफ नर्स की मां ने बताया कि सुबह वह नाश्ता कर घर से आई थी।
करीब चार साल से वह यहां पर काम कर रही थी। कोई भी बात नहीं थी, उसने ऐसा कदम क्यों उठाया समझ में नहीं आ रहा है। नगर कोतवाल श्री राम पांडेय ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
Updated on:
28 Oct 2023, 6:30 AM IST
Published on:
28 Oct 2023, 6:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.