30 सितंबर, 2010 को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने अयोध्या के विवादित स्थल को रामजन्मभूमि घोषित किया था। तीन सदस्यीय जजों की विशेष पीठ ने अपने फैसले में विवादित 2.77 एकड़ भूमि को तीन बराबर हिस्सों में विभाजित किया था। इस वक्त जहां रामलला की मूर्ति स्थापित है, वह रामलला विराजमान को मिला, जबकि राम चबूतरा व सीता रसोई वाला हिस्सा निर्मोही अखाड़ा को मिला। तीसरा हिस्सा सेंट्रल सुन्नी वक्फ बोर्ड को मिला। आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के आधार पर जस्टिस सुधीर अग्रवाल, जस्टिस एसयू खान व जस्टिस धर्मवीर शर्मा की विशेष पीठ ने फैसला सुनाया था। अपने फैसले में तीनों जजों ने यह भी माना कि विवादित स्थल के भीतर भगवान राम की मूर्तियां 22-23 दिसंबर, 1949 को रखी गईं। हालांकि, हिंदू- मुस्लिम पक्ष ने फैसले को न्यायिक नहीं, बल्कि सुलह का फॉर्मूला माना। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी गई।