
नेताओं की साजिश से जला आजमगढ़, बड़ी कार्रवाई के मूड में दिख रही पुलिस
आजमगढ़. सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए फैसले के विरोध में भारत बंद समर्थकों द्वारा सोमवार को जनपद में जगह-जगह किए गए उपद्रव, तोड़फोड़ तथा आगजनी के पांच मामलों में एफआईआर दर्ज की गई। इन मामलों में अजमतगढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष सहित सैकड़ों लोगों को आरोपी बनाया गया है। जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कि, सगड़ी में जो उपद्रव हुआ उसके पीछे नेता लोग थे। उन्हीॆ के उकसाने पर भीड़ हिंसक हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सूत्रों की माने तो उपद्रवियों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की जा सकती है।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में स्थित सगड़ी तहसील के समीप सोमवार की दोपहर रोडवेज बस में तोड़फोड़ व आगजनी के आरोप में 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। इस मामले में क्षतिग्रस्त बस के परिचालक चंद्रिका निवासी जनपद मऊ द्वारा जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी गई। वहीं सगड़ी तहसील में तोड़-फोड़ तथा रोडवेज बसों को जला देने के साथ ही पुलिस पर जानलेवा हमला करने के मामले में क्षेत्रीय नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र कुमार यादव की तहरीर पर अजमतगढ़ नगर पंचायत के अध्यक्ष पारस सोनकर सहित छह नामजद तथा सैकड़ो अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
जीयनपुर कोतवाली में तैनात पुलिस निरीक्षक सियाराम यादव ने क्षेत्र के शाहपुर नेवादा ग्राम निवासी संतोष कुमार पुत्र शिव चंद्र सहित 16 नामजद व दर्जनभर अज्ञात लोगों के खिलाफ मार्ग अवरुद्ध करने तथा पुलिस पर हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में दस आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। इसी कोतवाली क्षेत्र के मालटारी बाजार में मार्ग अवरुद्ध करने तथा पुलिस पर पथराव करने के आरोप में दस लोग गिरफ्तार किए गए।
इस मामले में जीयनपुर कोतवाली में तैनात एचसीपी शकील अहमद कि तहरीर पर बिलरियागंज थाना क्षेत्र के मालटारी ग्राम निवासी विजय सरोज पुत्र रामकिशुन सहित 17 नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसी क्रम में देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज कस्बे में भारत बंद समर्थकों द्वारा चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त कर देने के आरोप में अज्ञात भारत बंद समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। इस मामले में क्षतिग्रस्त वाहन के स्वामी योगेश सिंह निवासी वीरबहादुर सिंह निवासी स्थानीय ग्राम मसीरपुर द्वारा देवगांव कोतवाली में तहरीर दी गई है।
BY रणविजय सिंह
Published on:
03 Apr 2018 06:39 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
