आजमगढ़। वर्ष 2014 में केंद्र की सत्ता में आने के बाद जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद आर्दश गांव योजना की शुरूआत की तो ऐसा लगा कि अब तो हर संसदीय क्षेत्र में कम से कम एक गांव का कायाकल्प हो जाएगा, लेकिन यह योजना अब दम तोड़ती नजर आ रही है। कम से कम सपा व बसपा का गढ़ कहे जाने वाले आजमगढ़ जिले में, जहां लोकसभा चुनाव के दस माह बाद भी किसी सांसद ने अब तक गांव गोद ही नहीं लिया है। गांव गोद लेने के लिए डीएम ने सांसदों को पत्र भी लिखा, लेकिन उसका कोई जवाब नहीं आया। अब प्रशासन भी मान रहा है कि किसी भी सांसद की इस योजना में रूचि नहीं है। सांसदों की यह अनदेखी लोगों को खल रही है। खासतौर पर अखिलेश यादव का किसी गांव को गोद न लेना लोगों के लिए किसी आघात से कम नहीं है। यह बात अलग है कि वह हमेशा से आजमगढ़ को अपना घर कहते रहे हैं।