वर्ष 2017 के चुनाव के पूर्व केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत पूरे देश में रसोई गैस कनेक्शन दिया था। विधानसभा चुनाव में बीजेपी को इसका फायदा मिला। पार्टी ने यूपी में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाई। अब सपा, बसपा और कांग्रेस के गठबंधन की चर्चा के बीच सरकार कुछ ऐसा करना चाहती है कि सीधे मतदाताओं के दिल में उतर सके और गठबंधन को मात देकर सत्ता में बनी रह सके। बीजेपी को इसके लिए आयुष्मान भारत योजना सबसे मुफीद दिख रही है जिसके तहत लोगों को पांच लाख रूपये तक सालाना मुफ्त इलाज मिलेगा।
यही वजह है कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत पर्व मनाने जा रही है। आजमगढ़ में इस योजना के तहत 6 लाख 67 हजार 608 लोगों का चयन किया गया है। पार्टी ने जिला महामंत्री ब्रजेश यादव को कार्यक्रम का जिला प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं ब्रजेश द्वारा जिले में सौ से अधिक कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किये हैं। इन्हीं की देखरेख में 30 अप्रैल को प्रत्येक गांव में एक समारोह का आयोजन होगा जिसमें चयनित लोगों को योजना का कार्ड दिया जायेगा। साथ ही गांव के लोगों को सरकार की योजनाओं से अवगत कराया जायेगा। ब्रजेश यादव ने बताया कि कहा कि केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत जनपद में लगभग छह लाख लाभार्थियों को चुना गया है, जिन्हें सालाना पांच लाख रूपये के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। तीस अप्रैल को जनपद के प्रत्येक गांव में चयनित लाभार्थियों की बैठक आयोजित की जाएगी। जिस क्षेत्र में जिसे प्रभारी नियुक्त किया गया है वह बैठक का संपन्न करायेगा। बीजेपी को भरोसा है यह लोगों लोगों को भाजपा से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।