
प्रतीकात्मक फोटो
बरेली में एक प्रेमी अपनी शादीशुदा प्रेमिका को बधाई देने के लिए तलवार लेकर प्रेमिका के घर में घुस गया। पति की नजर प्रेमी पर पड़ी तो उसने अपने भाई को बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर तलवारबाजी हुई। इसमें प्रेमी के साथ युवती का पति और देवर भी घायल हो गया। मामला पुलिस तक पहुंच गया है।
रामपुर के मिलक का रहने वाला है प्रेमी
प्रेमी रामपुर के मिलक का रहने वाला है। उसका रिश्तेदारी में आने वाली युवती से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे। इसी बीच युवती के परिजनों ने उसकी शादी जोगी नवादा निवासी युवक से कर दी। परिवारवालों को भी लगा कि मामला शांत हो गया है लेकिन ऐसा नहीं था। दोनों के रिश्ते शादी के बाद भी कायम थे। वे मौका मिलने पर एक दूसरे से मिलते थे।
प्रेमिका के घर पहुंच गया प्रेमी
शनिवार की रात से ही लोग नए साल के जश्न में डूबे थे। युवक भी मौका देख प्रेमिका को नए साल की बधाई देने के लिए उसे घर में घुस गया। युवती के पति ने दोनों को कमरे में देख लिया। इसके बाद उसने सोर मचाकर अपने भाई को भी बुला लिया।
दोनों पक्षों में जमकर हुई मारपीट
युवती के पति और देवर ने प्रेमी को पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों द्वारा एक दूसरे पर तलवार से हमला किया गया। हमले में युवती का पति, देवर और प्रेमी तीनों घायल हो गए।
प्रेमी पर तलवार लेकर घर में घुसने का आरोप
युवती के देवर का आरोप है कि प्रेमी शराब के नशे में था। वह तलवार लेकर घर में घुसा था। दोनों भाइयों ने उसे जाने को कहा तो उसने हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को कराया भर्ती
घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमले का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
क्या कहती है पुलिस
बारादरी थानाध्यक्ष का कहना है कि दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर दी गई है। घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो भी दोषी है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
2 Jan 2023, 8:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.