
प्रतीकात्मक फोटो
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. घर से साइकिल से डीएपी लेने निकले किसान की बुधवार को शव मिलने से सनसनी फैल गयी। किसान की लाठी-डंडे से पीटकर व चेहरे को ईंट से कूचकर हत्या की गयी थी। हत्या कर फेका गया शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तरवां थाना क्षेत्र के भीटी गांव निवासी वीरेंद्र चौहान (45) पुत्र भूरी चौहान मंगलवार की शाम साइकिल से डीएपी लेने बेलहाडीह बाजार गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। देर शाम तक उसके घर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दिया। पूरी रात वीरेंद्र की तलाश की गयी लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सुबह परिवार के लोगों ने लापता होने की सूचना पुलिस को देने जा रहे थे। उसी दौरान पता चला कि घर से पांच सौ मीटर की दूरी पर एक शव पाया गया है।
परिवार के लोग भागकर मौके पर पहुंचे तो देखा शव वीरेंद्र का था। उसके शरीर पर लाठी-डंडे से पीटने के निशान थे। वहीं चेहरे को ईंट से प्रहारकर बिगाड़ने की कोशिश की गयी थी। पास में ही उसकी साइकिल भी पड़ी थी, जिस पर डीएपी का बोरा भी लदा हुआ था। किसान की हत्या की सूचना होने पर सैकड़ों की भीड़ मौके पर पहुंच गयी। लोगों में गुस्सा साफ नजर आया। लोग सड़क जाम करने जा रहे थे तभी पुलिस मौके पर पहुंच गयी।
पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Published on:
17 Nov 2021, 4:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.