11 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लंबे इंतजार के बाद बरसे मेघ तो खिल उठे किसानों के चेहरे, शहर में नारकीय हाल

जल जमाव व नालों का पानी आबादी में फैलने से परेशान रहे लोग

2 min read
Google source verification
Farmers

किसान

आजमगढ़. सूखे के खतरे के बीच शनिवार की भोर में मेघ खुलकर बरसे तो किसानों के चेहरे खिल उठे। सारे काम-काज छोड़ लोग खेतों की तरफ चल पड़े। यूं भी कहा जा सकता है कि एक बारिश ने किसानों के सपनों को पंख लगा दिया। लोग धान की रोपाई और खेतों में पानी रोकने के काम में लग गए है। यह अलग बात है कि अब भी लोगों को धान की रोपाई के लिए ट्यूबवेल का सहारा लेना पड़ रहा है लेकिन लगातार हो रही रिमझिम बरसात से उम्मीदें जागी हैं। वहीं इस बरसात ने शहर और कस्बों में रहने वालों का जीवन नारकीय बना दिया है। जगह-जगह जल जमाव मुसीबत बना हुआ है।


बता दें कि जुलाई माह का दूसरा पखवारा चल रहा है। अब तय यहां बरसात के नाम पर बूंदा बांदी ही होती रही है। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश न होने से किसान धान की रोपाई नहीं कर पा रहे थे। तेज धूप और हवा ने किसानों की मुसीबत और बढ़ा रखी थी। एक तरफ वे धान की रोपाई नहीं कर पा रहे थे तो दूसरी तरफ गन्ना, सब्जी, मक्का आदि की फसलें सूख रही थी। यही वजह थी कि जिले को सूखा घोषित करने की मांग लगातार उठ रही थी।


इसी बीच शनिवार की भोर किसानों के लिए राहत लेकर आयी। एकाएक झमाझम बरसात शुरू हुई तो लोगों की उम्मीदों को पक्ष लग गया। किसान सुबह होते ही रिमझिम बरसात के बीच खेतों की तरफ निकल पड़ा। किसान राम चंदर राम, अमरनाथ सिंह, सतीश विश्वकर्मा, रामजीत यादव, नायब यादव, पारसनाथ आदि का कहना है कि यह बरसात रोपाई के लिए पर्याप्त नहीं है लेकिन इससे उम्मीद बढ़ी है। अब ट्यूबवेल चलाने पर भी पानी कम लगेगा। इससे डीजल की बचत होगी। अगर थोड़ी और बरसात हो जाती है तो रोपाई में लाभ मिलेगा। मौसम का रूख देखने के बाद बरसात की उम्मीद बनी हुई है।

वहीं दूसरी तरफ जून के महीने में नालों की सफाई न होने के कारण शहरी क्षेत्र में हालात नारकीय रहा। सिविल लाइन, रोडवेज, हाइडिल कालोनी के पीछे, रेलवे स्टेशन आदि क्षेत्रों में लोग जल जमाव से जूझते रहे। कुछ ऐसा ही हाल सरायमीर, फूलपुर, जीयनपुर, महराजगंज नगरपंचायत और मुबारकपुर नगर पालिका क्षेत्र में दिखा। नाले जाम होने के कारण पानी सड़कों से लेकर लोगों के घरों तक फैला रहा। शहर के रहने वाले मिथलेश सिंह, अरविंद, संजय गुप्ता, रमेश सिंह, संतोष आदि का कहना है कि अभी यह मामूली बरसात हुई तो यह हाल है जब तेज बरसात होगी तो स्थिति क्या होगी समझा जा सकता है। नगरपालिका की लापरवाही का नतीजा शहर के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

BY-Ranvijay Singh