
आजमगढ़. बरदह थाना क्षेत्र के नरवें गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में रविवार की सुबह शिक्षामित्र पर हमला करने वाले प्रधानाध्यापक और उसके पुत्र को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं दूसरी तरफ बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. वीके शर्मा ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है तथा पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है।
बरदह थाना क्षेत्र के नरवें गांव निवासी एक महिला गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र हैं। वह रविवार की सुबह बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाने के लिए विद्यालय आयी थीं। शिक्षामित्र का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों के साथ एक घंटे तक जमीन पर बैठकर प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश सिंह का इंतजार किया। प्रधानाध्यापक सुबह करीब 11 बजे तक विद्यालय नहीं पहुंचे। इसके बाद वह प्रधानाध्यापक को फोन कर अपनी समस्या को बताई।
उसका आरोप है कि प्रधानाध्यापक विद्यालय पहुंचते ही उससे उलझ गए। वाद-विवाद करते हुए उसके साथ मारपीट कर वापस लौट गए। कुछ देर बाद प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश व उसका पुत्र आलोक सिंह विद्यालय पहुंचकर सुधा की लात-घूसों से पिटाई कर दी। यही नहीं असलहे के मुठिया से उसे पीटा गया और मारपीट करते हुए उसके साथ छेड़खानी की गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किए। ग्रामीणों के जुटते ही आरोपी पिता-पुत्र मौके से फरार हो गए। इसके बाद भारी संख्या में शिक्षामित्र व गांव वाले जुटकर थाने में प्रधानाध्यापक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।