
आजमगढ़ में सड़क हादसा
आजमगढ़. जनपद में 24 घंटे के भीतर तीन थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में सड़कें खून से लाल हो गईं। इन हादसों में बाइक सवार अधिवक्ता समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक युवती भी शामिल है। सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं ।
अतरौलिया कस्बे के समीप शुक्रवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से बाइक सवार अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई। अतरौलिया थाना क्षेत्र के दादर एदिलपुर ग्राम निवासी 55 वर्षीय राजमंगल सिंह पुत्र पतई सिंह जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट में अधिवक्ता थे। शुक्रवार की शाम वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। अतरौलिया बाजार के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शनिवार को उनके निधन की खबर पाते ही अधिवक्ता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के एक पुत्र व तीन पुत्री बताए गए हैं।
इसी क्रम में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पास पासीपुर गांव के समीप शनिवार की सुबह सरकारी बस व बाइक की आमने-सामने में हुई टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक कमलेश (40) पुत्र रामवृक्ष स्थानीय भीटेहरा गांव का रहने वाला था। शनिवार की सुबह वह बाजार से घर लौट रहा था। मृतक कमलेश अंबेडकरनगर जिले के अखंडनगर क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय पर बतौर शिक्षक कार्यरत था।
इसी क्रम में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव ग्राम के पास शनिवार की सुबह स्कार्पियो से उतर रही प्रशिक्षार्थी लड़कियों और बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक व एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। बिलरियागंज क्षेत्र की रहने वाली चार-पांच की संख्या में लड़कियां शनिवार की सुबह स्कार्पियो वाहन से सिलाई व बुनाई की परीक्षा देने के लिए जीयनपुर क्षेत्र स्थित परीक्षा केंद्र पर जा रही थीं। रास्ते में ग्राम बड़ागांव के पास सभी वाहन से उतर रही थीं। इसी दौरान उस रास्ते से गुजर रही तेज रफ्तार बाइक स्कार्पियो से उतर रही एक छात्रा को अपनी चपेट में लेते हुए पलट गई। इस दुर्घटना में छात्रा व बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में सुनीता (20) पुत्र सीता बिलरियागंज थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव की रहने वाली थी। जबकि मृतक बाइक सवार अविनाश (25) पुत्र उमाशंकर बलिया जिले के सहतवार थाना अंतर्गत भोपतपुर गांव का निवासी बताया गया है। सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
BY- RANVIJAY SINGH
Published on:
2 Sep 2018, 3:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.