आजमगढ़. अपने प्रेम जाल में फंसाकर दगाबाज प्रेमी ने युवती को शादी करने का झांसा दिया और उसे सरायमीर क्षेत्र में स्थित एक धार्मिक स्थल पर बुलाया। प्रेमी के कहने पर प्रेमिका वहां पहुंची, जहां अपने दो साथियों के साथ मौजूद प्रेमी उसे बहला-फुसलाकर दिल्ली लेकर चला गया। दिल्ली में युवती के साथ शारीरिक शोषण शुरू हुआ। विरोध करने पर दगाबाज प्रेमी व उसके साथी दिल्ली से वापस लौटे और पीड़िता को उसके ननिहाल के पास छोड़कर भाग चले। शादी के लालच में अपनी ईज्जत गवां बैठी युवती ने मंगलवार को सरायमीर थाने में प्रेमी सहित तीन लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुट गई है।