
बलिया. सरकार के मंत्री और विधायक के सुर भले ही न मिले लेकिन आम जनता की मांग यह है की रागिनी को न्याय मिलना चाहिए। रागिनी की हत्या केवल रागिनी की हत्या नहीं बल्कि एक लड़की के सपने, उसके उड़ान की हत्या है। जिसके लिए एक मजबूर बाप सरकार से भ्रूण हत्या को जायज करने की मांग कर रहा है।
शासन-प्रशासन के तमाम वादों और प्रयासों के बाद भी देश-प्रदेश में महिलाएं-लड़कियां सुरक्षित नहीं है। उनके खिलाफ हिंसा की लगभग हर रोज खबर आती रहती है। ऐसी ही घटना एक बलिया जिले का है जहां ग्राम प्रधान के बेटे ने 12वीं की छात्रा की गला रेत कर हत्या कर दी। 16 साल की छात्रा की हत्या की खबर ने बलिया जिले के आम जनमानस लोगों को झकझोर कर रख दिया। घटना के आठ घंटे बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी और साथियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को इस हत्याकांड की जो वजह बताई है वह बहुत हैरान करने वाली है।
रागिनी हत्याकांड में प्रदेश के मंत्री जहां बलिया पुलिस को बचाने में लगे हैं वहीं भाजपा के बैरिया विधायक ने बलिया एसपी के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। हत्याकांड से सहमे परिवार ने तो यहां तक कह दिया है कि अच्छा होता कि सरकार भ्रूण ह्त्या की मंजूरी दे देती ताकि बेटियां पैदा होती ही नहीं। लेकिन बलिया के रागिनी हत्याकांड ने पूरे देश को झकजोर कर रख दिया है। ऐसे में बलिया पुलिस की लापरवाही और लचर क़ानून व्यस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं पर जब प्रदेश के मंत्री उपेन्द्र तिवारी से इस मामले में पूछा गया तो मंत्री जी ने दावा कर दिया की पीड़ित परिवार ने कभी भी आरोपी प्रिंस तिवारी की हरकतों की शिकायत पुलिस से किया ही नहीं। मंत्री जी ने ये दावा भी कर दिया की योगी सरकार ने क़ानून व्यवस्था इतनी चुस्त दुरुस्त है कि प्रदेश की महिलायें जहां चाहे जब चाहे सड़कों पर निकल सकती हैं।
भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह का कहना है कि जहां एक तरफ मंत्री जी दावा कर रहे थे वहीं दूसरी तरफ भाजपा के विधायक सुरेन्द्र सिंह ने अपनी ही सरकार के मंत्री के दावों की हवा निकाल दी। उन्होंने नया दावा किया कि रागिनी के परिवार ने पुलिस को ग्राम प्रधान के बिगड़ैल बेटे के अत्याचारों की शिकायत पहले ही पुलिस से कर दी थी। विधायक ने यह भी दावा किया की गावं के कुछ और पीड़ित परिवारों ने भी आरोपी प्रिंस की शिकायत पुलिस से की थी। विधायक सुरेंद्र सिंह ने बलिया की एसपी पर शराब और अवैध खनन करनी का आरोप लगाते हुए कहा की वो एसपी के खिलाफ 16 अगस्त से धरने पर बैठेंगे।
पायलट बनना चाहती थी रागिनी
पायलट बनने का ख्वाब रखने वाली रागिनी की ह्त्या के बाद उसके पिता अपनी होनहार बेटी को याद कर रोने लगते है। रागिनी के पिता ने यहां तक कह दिया की सरकार को भ्रूण ह्त्या कराने की अनुमति दे देनी चाहिए ताकि कोई पिता बेटी को जन्म ना देने पाए ।