बहराइच. जिला अस्पताल के डॉक्टरों के ऊपर एक बच्ची का इलाज न करने का संगीन आरोप लगा है। पीड़ित परिजनों के मुताबिक उनकी मासूम बच्ची डॉक्टरों की लापरवाही के कारण ज़िन्दगी की जंग हार गई। आरोप है कि तेज बुखार से पीड़ित इस बच्ची को डॉक्टरों ने देखने के बजाय ये कहते हुए साफ इंकार कर दिया की हमारे पास वैसे ही बहुत सारे मरीज़ हैं, हम किस किस का इलाज करें। आंखों में आंसू के साथ बिलखते हुए पीड़ित मां ने धरती के भगवान कहे जाने वालों डॉक्टरों पर ये इल्जाम मढ़ा है। मासूम बच्ची की मौत के बाद उसके शव को आनन फानन में प्राइवेट गाड़ी में लदवाकर अस्पताल से भिजवा दिया गया। वहीं इस मामले में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अोपी पाण्डेय सारे आरोपों को झूठा करार देते नजर आ रहे हैं।