
बहराइच. बहराइच में थाना जरवल रोड के थानाध्यक्ष मधुपनाथ मिश्रा पर हत्या के 4 आरोपियों को 5 लाख रुपए के बदले बिना लिखापढ़ी कर छोड़ने का आरोप लगा है। एसपी बहराइच को बाकायदा लिखित तहरीर देकर इस बात से अवगत किया गया है कि थानाध्यक्ष जरवल रोड ने मुस्तफाबाद क्षेत्र के धौकल पुरवा गांव के रहने वाले बब्बू पुत्र जसवंत लाल, कालिया पुत्र दस्तगीर, लाला पुत्र देशराज, पप्पू पुत्र शिव चरण, जसवंत लाल पुत्र गजाधर प्रसाद नाम के दबंगों को एक दलित युवक (30) धर्मराज की बड़ी बेरहमी से हत्या कर उसकी लाश फेंकने के मामले में गिरफ्तार किया था। उसके शव को लखनऊ बहराइच हाइवे से लगे रिठौरा मोड़ के पास से किसान विनोद कुमार के गन्ने के खेत से बरामद किया गया था। इस हत्याकांड में मृतक के पिता प्रेम नारायण की तहरीर पर थाना जरवल की पुलिस टीम द्वारा 22 जून की रात्रि में सभी आरोपियों को पकड़ कर थाने लाया गया था। जहां 4 दिनों तक सभी नामजद आरोपियों को हिरासत में रखने के बाद उनसे रुपए लिए गए।
5 लाख रुपए लिए घूस-
पीड़ित परिजनों का साफ आरोप है कि थानाध्यक्ष जरवल ने नामजद आरोपियों से 5 लाख की घूस लेकर उन्हें थाने से बाईज्जत रिहा कर दिया। सूत्रों की मानें तो आरोपी थानेदार इस मामले को रफा दफा करने के लिए हत्या के नामजद आरोपियों से 10 लाख की रकम वसूलने का दबाव बना रहा था। और जब वह इसमें कामयाब नहीं हो पाया तो 5 लाख में ही हत्या के केस को रफादफा कर दिया। इस मामले की जानकारी जब पीड़ित परिवारीजनों को हुई तो वे पुलिस अधीक्षक बहराइच के दफ्तर में बच्चों सहित इंसाफ मांगने पहुंच गए।
SP बहराइच ने दिए जांच के आदेश-
इस घटना की जानकारी होते ही SP बहराइच सभाराज ने मामले की जांच के लिये CO कैसरगंज के साथ ही ASP को मौके पर भेजा है और अश्वासन दिया है कि जांच में दोषी पाए जाने पर किसी भी शख्स को बक्शा नहीं जाएगा। वहीं इस घटना को काफी संवेदनहीन घटना करार दिया है।