
करोड़ों का कॉम्पलेक्स हुआ जर्जर, नहीं हो रही दुकान की नीलामी
बालाघाट. मोहगांव मलाजखंड नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 23 न्यू बस स्टैण्ड में करोड़ों रुपए की लागत से बना शॉपिंग कॉम्पलेक्स व रेस्टारेन्ट खाली पड़ा हुआ है। वर्षो हो गए इस कॉम्पलेक्स की एक भी दुकान नहीं उठ पाई है। नपा द्वारा देख-रेख नहीं किए जाने से कॉम्प्लेक्स की दुकान जर्जर हो गई है। इस जगह अतिक्रमणकारियों द्वारा अवैध कब्जा भी किया गया है। कुछ दुकानदार नपा के कॉम्पलेक्स परिसर में अतिक्रमण कर स्थाई दुकान लगा रहे है। लेकिन नपा प्रशासन द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
गौरतलब हो कि न्यू बस स्टैण्ड में कॉम्पलेक्स का निर्माण नगरपालिका द्वारा हुडकों से ऋण लेकर कराया गया था। जिसकी ऋण अदाएगी भी हो चुकी है। बावजूद नपा द्वारा दुकान नीलामी के लिए उचित पहल नहीं की जा रही है। जिससे अतिक्रमणकारियों द्वारा अवैध कब्जा कर दुकान संचालित की जा रही है। वहीं देख-रेख के अभाव में कॉम्पलेक्स भी जर्जर हो रहा है। शासन की करोड़ों रूपए की राशि का नपा प्रशासन द्वारा उचित उपयोग न कर चूना लगाने का कार्य किया जा रहा है। दुकानों की मरम्मत का कार्य भी नहीं किया जा रहा है। दुकान के शटर व खिड़कियां टूट गई है।
इनका कहना है
कॉम्पलेक्स परिसर की दुकानों का शीघ्र मरम्मत कर नीलामी कार्रवाई की जाएंगी। जिन लोगों के द्वारा अतिक्रमण किया गया है उन्हें अतिक्रमण हटाने नोटिस दिया जाएगा।
लक्ष्मण सारस, नपा सीएमओ
Published on:
24 May 2020 05:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
