
बालाघाट. जनपद पंचायत किरनापुर अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला मुर्री में स्कूल के प्रधानपाठक की बेदम पिटाई से भयभीत होकर चौथी कक्षा के एक छात्र ने पेंट में ही पेशाब कर दी।
गणित का सवाल हल नहीं कर पाया था छात्र
जानकारी के अनुसार स्कूल के प्रधानपाठक नरेन्द्र रंगारे द्वारा लगभग दो बजे कक्षा चौथी के छात्रों को गणित का सवाल हल करने के लिए दिया था। जिसे छात्र सुजीत पिता सहसलाल नागेश्वर नहीं बना पाया। इस पर प्रधानपाठक रंगारे ने छात्र की जमकर धुनाई कर दी। जिससे डर के चलते छात्र ने कक्षा में ही पेंट में पेशाब दी। स्कूल की आधी छुट्टी होने पर छात्र सुजीत के घर तक यह बात पहुंची तो स्कूल मे बच्चों के पालकों का जमावड़ा शुरू हो गया।
शाला पहुंचकर अभिभावकों ने मचाया हंगामा
स्कूल में पालकों ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए विभागीय अधिकारियों को भी सूचना दी। वहीं शिक्षक को जमकर खरीखोटी भी सुनाई। स्कूल में मामला और बिगड़ता देख किसी अनहोनी की आशंका के मद्देनजर कुछ ग्रामीणों ने 100 नम्बर डायल कर पुलिस बुला ली। जिस पर 100 नम्बर वाहन में ही उक्त शिक्षक को पुलिस थाना किरनापुर लाया गया। ग्रामीणों का हुजूम भी थाना पहुंचकर शिक्षक के विरूद्ध शिकायत दर्ज करवाई। जिस पर पुलिस ने शिक्षक के विरूद्ध धारा 294, 323, 506 ताहि के तहत अपराध दर्ज किया।
शिक्षक पर कार्रवाई किए जाने की मांग
इधर, ग्राम मुर्री निवासी असलम कुरैशी अध्यक्ष एसएमसी शासकीय माध्यमिक शाला मुर्री, सरपंच प्रतिनिधि महेश बाहे, सुरेश देशमुख अध्यक्ष एसएमसी शासकीय प्राथमिक शाला मुर्री, ग्राम समिति अध्यक्ष बैगालाल घल्लेकर, शैलेष देशमुख, सैजलाल देशमुख पंच, करीम पटेल कुरैशी सहित अन्य ने उक्त शिक्षक के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही उसे हटाए जाने की भी मांग की।
अपराध दर्ज कर मामले को लिया जांच में
एसआई संतोष बंशकार ने बताया कि शासकीय प्राथमिक शाला मुर्री में हुए मामले में अभिभावकों व ग्रामीणों की शिकायत पर शिक्षक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया है।
Published on:
20 Sept 2017 09:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
