बालाघाट. मप्र की उच्चशिक्षा में लगातार जारी घोटाले व भ्रष्टाचार के खिलाफ 51 जिलों की हर तहसील तक चेतना जागृत करने प्रारंभ हुई संवाद क्रांति यात्रा 9 जुलाई को बालाघाट पहुंची। उक्त यात्रा अपने 82 वें दिन 38 वां जिला बालाघाट सहित मंडला जिले के समस्त शासकीय महाविद्यालयों में संवाद करने पहुंची। जहां विद्यार्थियों, शिक्षकों व प्रबुद्धजनों से संवाद कर बताया गया कि मौजूदा भ्रष्ट सिस्टम अधिकारी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं और सरकार उन्हें प्रश्रय दे रही है।
भ्रष्टाचारियों को बाहर निकालना होगा
संवाद क्रांति यात्रा के संयोजक सामाजिक कार्यकर्ता पंकज प्रजापति ने यात्रा के उद्देश्य बताते हुए कहा कि उच्च शिक्षा में तमाम घोटालों के लिखित दस्तावेज सबूतों के साथ प्रस्तुत किया। उन्होंने नगर के शासकीय कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय व पीजी कॉलेज में प्रोफेसर व विद्यार्थियों एवं प्रबुद्धजनों को संवाद क्रांति पत्रिका दी। जिसमें मप्र लोकसेवा आयोग घोटाले से लेकर भ्रष्टचारियों को संरक्षण देने के लिए नीति विरुद्ध क्रास कैडर प्रमोशन, छात्रवृत्ति व कुलपति नियुक्ति घोटाले के साथ ही निजी स्कूल माफिया को उजागर करते दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में सुधार कर आमजन और छात्र व शिक्षकों को जागरूक कर भ्रष्टचारियों को सिस्टम से बाहर करना होगा।
पीडि़तों ने किए खुलासे
अब तक संवाद क्रांति के द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में शिक्षा व्यवस्था मेंं भ्रष्टाचार से कई पीडि़तों द्वारा खुलकर खुलासे किए गए। जिसमें प्रमुख रूप से अथिति विद्वान शिक्षकों के साथ वर्तमान व्यवस्था द्वारा किया जा रहा अन्याय। बेरोजगार युवाओं के साथ वर्तमान व्यवस्था लगातार धोका कर रही है। उच्च शिक्षा विभाग हो या अन्य विभाग हर तरफ योग्य व्यक्ति बेरोजगार होकर भ्रष्टाचारी शासकों से परेशान है। विश्वविद्यालयों के कुलपति जैसे महत्वपूर्ण बड़े पदों पर चयन का मापदंड योग्यता न होकर पूंजीवाद हो चला है। प्रदेश के वर्तमान शासकों द्वारा सेवानिवृति की अवधि ६० से बढ़ाकर ६२ कर लाखों योग्य बेरोजगारों के साथ बड़ा धोका कर उनका भविष्य बर्बाद कर दिया गया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान सभी शैक्षणिक संस्थाओं के शिक्षकों व विद्यार्थियों एवं प्रबुद्धजनों ने संवाद क्रांति आंदोलन की सराहना की है। वर्तमान भ्रष्ट शिक्षा व्यवस्था के लिए इसे अच्छी पहल बताते हुए इस आंदोलन को समर्थन दिया है।