
Attack on mother, बेटे के हमले में घायल महिला (Photo- Patrika)
रामानुजगंज। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम तिकीदिरी में एक कलयुगी बेटे ने अपनी बुजुर्ग मां पर डंडे और टांगी से हमला (Son attack on mother) कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मां ने बस उसे इतना ही कहा था कि घर का छप्पर तो बना दो। मां की यह बात उसे नागवार गुजरी और उसने वारदात को अंजाम दे दिया। मां की आवाज सुनकर आरोपी का छोटा भाई बचाने पहुंचा तो टांगी लेकर उसे भी मारने दौड़ाया। इससे वह भागने लगा, लेकिन आरोपी ने उसका डेढ़ किमी दूर तक पीछा किया। इस दौरान छोटे भाई ने जंगल में छिपकर जान बचाई। इधर घायल महिला का उपचार रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल में जारी है।
रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम तिकीदिरी निवासी कमला देवी उम्र 62 वर्ष (Attack on mother by stick-axe) ने अपने पुत्र संतोष रजक उम्र 40 वर्ष से बरसात शुरु होने के कारण घर का खपरा (छत) छाने के लिए कहा था। बताया जा रहा है कि मां की यह सामान्य बात बेटे को इतनी नागवार गुजरी कि वह आक्रोशित हो उठा।
पहले उसने डंडे से मां की बेरहमी से पिटाई की और बाद में टांगी से हमला कर दिया। इस हमले में कमला देवी के सिर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन ने घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले की शिकायत रामचंद्रपुर थाने में दर्ज करा दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई (Action against son) की जा रही है।
बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलने पर छोटा बेटा अजीत अपनी मां को बचाने पहुंचा, लेकिन आरोपी संतोष टांगी लेकर उसके पीछे भी दौड़ पड़ा। जान बचाने के लिए अजीत को करीब डेढ़ किलोमीटर तक भागना पड़ा और किसी तरह जंगल में छिपकर अपनी जान बचाई।
परिजन का कहना है कि घरवालों के साथ आरोपी संतोष का हिंसक व्यवहार पहले भी सामने आ चुका है। आरोप है कि उसने पूर्व में भी अपनी मां पर टांगी से हमला (Axe attack) किया था तथा अपने पिता को भी गंभीर रूप से घायल कर चुका है।
Updated on:
02 Jul 2026 08:36 pm
Published on:
02 Jul 2026 08:36 pm
