
60 ओवरलोड ट्रक किए गए सीज, बालू माफियाओ का 16 लाख का नुकसान
बांदा. जिला प्रशासन योगी सरकार के मंसूबों के तहत बालू के अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर लगाम कसने में लगातार नाकाम साबित हो रहा है । हालात यह है कि जिला मुख्यालय में भले ही पेयजल को लेकर गंभीर संकट बना हुआ हो लेकिन शहर से सटी केन नदी स्थित दुरेड़ी खदान में रात दिन चल रही भारी भरकम मशीनें नदी का सीना छलनी करते हुए धड़धड़ा रही हैं ।
दिलचस्प बात यह है कि खदान के पास ही सेतु निगम पुल का निर्माण कर रहा है बावजूद इसके किसी अधिकारी की नजर अवैध खनन के इस खेल पर नहीं पड़ती । इसके अलावा केन नदी पर बने भूरागढ़ पुल से मशीनों को खदान पर चलते किसी भी वक्त देखा जा सकता है लेकिन कायदे कानून से बेखौफ खनन माफियाओं को किसी का कोई डर नहीं है । इसके अलावा जिले की सादिमादनपुर, कोलावल रायपुर , बदौसा, कुल्लूखेड़ा, भदावल, लोहरा, बदौसा, दुरेड़ी और एमपी से लगी सीमावर्ती खदानों में बदस्तूर और मनमाने ढंग से बालू के अवैध खनन का सिलसिला जारी है, जिसमें से भदावल, लोहरा,बदौसा में मशीनों से जबरदस्त खनन किया जा रहा है। जिसमें नियम कानूनों का भी खुला उल्लंघन किया जा रहा है । देर रात जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम पैलानी, सीओ ट्रैफिक, एआरटीओ व पीटीओ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 मोरम से भरे ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई की है।
जिले में नदियों में घुसकर बड़ी मशीनों द्वारा बालू का अवैध खनन और ट्रकों से ओवरलोडिंग करने से खनन माफिया बाज नहीं आ रहे हैं। गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि के दौरान जिलाधिकारी के निर्देश पर दुरेड़ी खदान के पास कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने करीब पचास ट्रकों पर कार्यवाही की है, जिसमें 40 ट्रकों पर एक ही स्थान पर, जबकि 10 पर अलग स्थान पर कार्रवाई हुई है । उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और आरटीओ अधिकारियों की मौजूदगी में मध्यरात्रि बारह बजे शुरू हुई कार्रवाई कई घंटे तक चली ।
वही सूचना मिलते ही बालू माफियाओ में हड़कंप मच गया और लगभग 40 ट्रक एमपी की तरफ भाग खड़े हुए व 10 डम्फर मोरम उतारकर रफूचक्कर हो गए। दुरेड़ी निवासी संजय मिश्रा ने बताया कि उन्होंने कई बारी जिलाधिकारी से मिलकर उनके गांव से निकलने वाले बालू के ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई करने की मांग की थी । ट्रकों की वजह से उनके गांव आने वाला मार्ग हर समय अवरुद्ध रहता है और सड़क की हालत बदतर हो गयी है। ग्रामीण ने बताया कि शिकायत करने पर अक्सर खनन माफिया पुलिस के साथ मिलकर फ़र्ज़ी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देते हैं ।
एआरटीओ मौर्या ने बताया कि आज मध्यरात्रि मटौंध थाने के भूरागढ़ पुलिस चौकी के पीछे दुरेड़ी गांव के पास 50 ट्रक अवैध ढंग से बालू भरकर देर रात बांदा बाईपास रोड की तरफ आ रहे थे, जिन्हें सूचना मिलने पर जिलाधिकारी दिव्यप्रकाश गिरी के निर्देश पर पुलिस फोर्स लगाकर रोक लिया गया ।
ग्रामीणों ने बताया कि कार्रवाई से पहले वहां करीब 100 से ज़्यादा ओवरलोड ट्रक मौजूद थे लेकिन छापे की भनक लगते ही करीब 50 गाड़ियां यहां वहां बालू फेंककर मौके से भाग खड़ी हुईं । रास्ते मे जगह-जगह बिखरी बालू और भागते ट्रकों से मार्ग अवरुद्ध हो गया । अधिकारी ने बताया वाहनों पर खनिज और परिवहन नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है ।
Published on:
19 May 2018 03:07 pm
बड़ी खबरें
View Allबांदा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
