बांदा. बांदा में पिछले 13 अगस्त को बैंक के कैशियर से लूट के बाद हत्या की गुत्थी अब तक सुलझी नहीं थी कि एक बार फिर एक युवक से मारपीट कर उसे मरणासन्न अवस्था में रेल की पटरियों में फेंके जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक को उसके ही कुछ साथियों ने मारपीट कर अधमरा कर दिया और उससे पैसे, चैन, अंगूठी लूट उसे ट्रेन की पटरियों में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। गनीमत यह रही की समय रहते वहां से गुजरते लोगों ने देख लिया और उसके परिजनों को सूचना दी। जिसपर परिजनों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका उपचार चल रहा है, जिससे युवक की जान बच गयी लेकिन उसकी हालात नाजुक बनी हुई है।
मामला देर रात शहर कोतवाली क्षेत्र के बजरंग इंटर कॉलेज के पीछे का है जहां पर प्रशांत नाम के युवक को उसके साथ ही घर से बुला ले गए और उसे शराब पिलाकर उससे लूटपाट की और उसे जमकर मारा-पीटा। उसके साथियों ने उसे इतना मारा कि उसके मुंह से खून निकलने लगा और उसे मरणासन्न अवस्था में रेल की पटरियों में फेंक कर मौके से फरार हो गए। वहां से निकलने वाले लोगों ने जब रेल की पटरियों में से पड़ा हुआ देखा तब उसकी पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी और अस्पताल में भर्ती कराया।
परिजनों ने बताया कि प्रशांत के साथ ही अनूप शोभित और हनीफ देर शाम उसे घर से बुला ले गए और उसे शराब पिलाई और उससे लूटपाट कर उसके साथ मारपीट की और उसे रेल की पटरियों में फेंक कर फरार हो गए । उन्हें जानकारी तब हुई जब कुछ लोगों ने प्रशांत के रेल की पटरियों में पड़े होने की सूचना जिस पर वह मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए प्रशांत को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।