
एच1एन1 से 11 और मौतें, मृतकों की संख्या 31
बेंगलूरु. स्वाइन फ्लू (एच1एन1) से 11 और लोगों की मौत हो गई। स्वाइन फ्लू से इस वर्ष 31 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश के 8069 लोगों के रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
1246 नमूनों में एच1एन1 की पुष्टि हुई है। इनमें 15 मामले गत 48 घंटे में सामने आए। 243 मरीजों के साथ बृहद बेंगलूरु महानगर पालिक क्षेत्र सर्वाधिक प्रभावित है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवा निदेशालय के अनुसार शुक्रवार तक 19 मौतें हुई थीं लेकिन शनिवार को मृतक संख्या बढ़ कर 31 हो गई। पिछले 48 घंटे में 11 मौतें हुई हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने मृतकों और मौत की तारीख के बारे में जानकारी नहीं दी है।
बीबीएमपी, शिवमोग्गा, रामनगरम, गदग, उत्तर कन्नड़ और बल्लारी में एक-एक मौत हुई।
बेंगलूरु (ग्रामीण), बेलगावी, धारवाड़ और हावेरी में दो-दो मरीजों की जान गई। बेंगलूरु (शहरी), दावणगेरे और दक्षिण कन्नड़ जिले में तीन-तीन मरीज मरे। जबकि तुमकूरु और हासन में चार-चार मौत हुई।
समीक्षा बैठक
इन सबके बीच प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रधान सचिव जावेद अख्तर ने शनिवार को प्रदेश में एच1एन1 के बढ़ते मामलों और मौतों की समीक्षा की।
उन्होंने सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व चिकित्सा अधिकारियों के साथ विडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिए वार्तालाप किया।
स्वास्थ्य विभाग केे निर्देश के अनुसार गले में दर्द, बुखार या सांस लेने में दिक्कत हो तो पीडि़त को फौरन नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला या तालुक अस्पताल जा चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी जाए।
जरूरत पडऩे पर ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में सरकारी चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द की जा सकती है।
Published on:
18 Nov 2018, 6:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.