10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कर्नाटक में पुलिस फायरिंग में 2 की मौत के बाद इस जिले में 22 तक कर्फ्यू

मेंगलूरु शहर और दक्षिण कन्नड़ जिले में दो दिन के लिए इंटरनेट सेवा बंद पुलिस राज्य में पुलिस ने बढ़ाई चौकसी मेंगलूरु भेजे गए वरिष्ठ अधिकारी
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बैंगलोर

•

image

Jeevendra Jha

•

Updated: 20 Dec 2019, 1:24 AM IST

mangaluru02.jpg

बेंगलूरु. तटवर्ती शहर मेंगलूरु में गुरुवार को नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन के बाद हुई पुलिस फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई। हालात को देखते हुए प्रशासन ने पूरे दक्षिण कन्नड़ जिले में 22 दिसम्बर तक कर्फ्यू लगा दिया है। इसके साथ ही मेंगलूरु शहर और दक्षिण कन्नड़ जिले में गुरुवार रात 10 बजे से 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा ने मेंगलूरु की घटना पर दुख जताते हुए लोगों से शंाति बनाए रखने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हालात को संभालने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मेंगलूरु भेजा जा रहा है। इस बीच, मेंगलूरु की घटना के बाद पुलिस ने पूरे राज्य में चौकसी बढ़ा दी है। पूरे राज्य में २१ दिसम्बर तक धारा १४४ के लिए निषेधाज्ञा लगाने के बाद बुधवार रात से ही चौकसी बढ़ा दी गई थी लेकिन मेंगलूरु में हिंसक प्रदर्शन के बाद पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है। हालांकि, बेंगलूरु सहित राज्य के बाकी हिस्सों में गुरुवार को निषेधाज्ञा के बावजूद प्रदर्शन हुए लेकिन कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस ने बेंगलूरु में प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन कर प्रदर्शन करने के कारण इतिहासकार रामचंद्र गुहा, विधायक रिजवान अरशद सहित काफी संख्या में लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक दोपहर बाद मेंगलूरु शहर में प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शन में शामिल कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। हालात को संभालने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले दागे लेकिन भीड़ मेंगलूरु उत्तर पुलिस थाने का घेराव करने की कोशिश करने लगी। हालात को नहीं संभलते देख कर पुलिस ने लाठीचार्ज किया लेकिन जब फिर तितर-बितर नहीं हुई तो पुलिस ने हवाई फायरिंग की। इसी दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस को गोली चलानी पड़ी। पुलिस की गोली से घायल दो लोगों की बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक दोनों मृतकों की शिनाख्त जलील कुद्ररौली (49) और नौशीन (23) के तौर पर हुई है।
इससे पहले पुलिस आयुक्त डॉ पीएस हर्ष ने दोपहर में पथराव, आगजनी और हवाई फायरिंग के बाद मेंगलूरु मध्य पुलिस संभाग के पांच थाना क्षेत्रों में 21 दिसम्बर तक कर्फ्यू लगाने की घोषणा की थी लेकिन दो लोगों की फायरिंग में मौत के बाद पूरे दक्षिण कन्नड़ जिले में 22 दिसम्बर तक कर्फ्यू लगा दिया गया है। इससे पहले पुलिस आयुक्त हर्ष ने कहा था कि प्रदर्शन के दौरान हिंसक घटनाओं में गंभीर रुप से घायल दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा था कि इस दौरान पुलिस उपायुक्त स्तर के दो अधिकारियों के अलावा 20 पुलिस कर्मियों को चोटें आई है।