
कोल्हापुरिये से हारा हरियाणवी पहलवान
मैसूरु. केजीके यूथ क्लब की ओर से चामुण्डी महोत्सव के उपलक्ष्य में कोप्पल मैदान में कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का नेतृत्व अमृत पहलवान ने किया। प्रतियोगिता में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र व कर्नाटक के सौ पहलवानों ने भाग लिया। कोल्हापुर के पहलवान संतोष धोरवाड़ ने हरियाणा के पहलवान सुनील को परास्त कर पहला स्थान प्राप्त किया।
उन्हें कनेगौड़ा पुरस्कार से नवाजा गया। पुरस्कार स्वरूप नकद पचास हजार रुपए, चांदी का गदा दिया गया तथा फीता पहनाया गया। अन्य पहलवानों को भी नकद राशि व पारितोषिक दिए गए। प्रतियोगिता में विशेष तौर पर कलापुरा, जालोर, राजस्थान के निवासी पहलवान अमृत पुरोहित को पुष्पहार पहना कर, चांदी का गदा भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता 12 को
मण्ड्या. काडु बसवेश्वर स्वामी सेवा समिति की ओर से 12 अगस्त सुबह 9 बजे चामनहल्ली गांव में सोमेश्वर फिल्म में थियेटर के सामने एक दिवसीय बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में जिले भर के बैलगाड़ी चालक भाग लेंगे।
धूमधाम से मनाया सिद्धप्पा महोत्सव
मण्ड्या. मलवल्ली तहसील में मंगलवार शाम को गुरु सिद्धप्पा कडय्या महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भक्तों ने गुरु की प्रतिमा रथ में विराजमान कर तहसील के प्रमुख मार्ग सें भव्य शोभायात्रा निकाली। लोगों ने रथयात्रा पर पुष्प वर्षा कर जगह- जगह स्वागत किया। भक्तों ने रथ में विराजमान गुरु सिद्धप्पा प्रतिमा की पूजा- अर्चना की। रथयात्रा के आगे लोक कलाकार ढोल व नगाड़े बजाते चल रहे थे। तहसील के मुख्य स्थलों को भव्य विद्युत रोशनी से सजाया गया। कार्यक्रम में जयराम, रमेश, रघु, महादेव आदि मौजूद रहे।
स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली
मण्ड्या. जिला मुख्यालय सें करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित भमसमंद्रा गांव में बुधवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए रैली निकाली। पीडीओ अधिकारी उमाश्री ने कहा कि वातावरण साफ रखनें। लोगों को खुले में शौच नहीं जाकर शौचालय का उपयोग करने के बारे जागरूक किया। विद्यार्थियों ने शौचालय निर्माण व पर्यावरण को साफ -सुथरा रखने की जागरूकता संबंधी तख्तियां ले रखी थीं। रैली में स्कूल की शिक्षिका लीलवती, रुक्मणि, संतोष आदि ने भाग लिया।
Published on:
09 Aug 2018 06:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
