16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बैंगलोर
महागठबंधन की तैयारी: देवेगौड़ा व कुमारस्वामी से मिले तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू
Play video

महागठबंधन की तैयारी: देवेगौड़ा व कुमारस्वामी से मिले तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू

नायडू ने कहा कि कांग्रेस मुख्य और महत्वपूर्ण पार्टी है और अगर राजनीतिक प्रयोग की बात करें तो देवेगौड़ा के नेतृत्व वाली सरकार का गठन इसका बेहतरीन नमूना है।

Google source verification

बेंगलूरु. अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा विरोधी विपक्षी दलों को एकजुट कर महागठबंधन बनाने की मुहिम में जुटे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री व तेलुगूदेशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने गुुरुवार को संकेत दिया कि केंद्र मेंं सरकार गठन के लिए प्रस्तावित महागठबंधन 1996 का मॉडल अपना सकता है। तब गैर कांग्रेस व गैर भाजपा दलों के गठबंधन-संयुक्त मोर्चा ने एच डी देवेगौड़ा के नेतृत्व में सरकार बनाई थी और कांग्रेस ने उसे बाहर से समर्थन दिया था।
नायडू ने यह बात यहां पूर्व प्रधानमंत्री व जद-एस के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेगौड़ा व राज्य के अपने समकक्ष एच डी कुमारस्वामी से मुलाकात के बाद कही। नायडू और जनता दल-एस नेताओं के बीच महागठबंधन के मसले पर चर्चा हुई।
दोपहर में बेंगलूरु पहुंचे नायडू ने पद्मनाभ नगर स्थित आवास पर जाकर देवेगौड़ा से मुलाकात की। इस दौरान कुमारस्वामी भी वहां मौजूद थे। नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री के बारे में निर्णय बाद में लिया जाएगा, अभी प्राथमिकता सभी दलों को एकजुट करना है। हमारा लक्ष्य पहले लोकतंत्र और फिर देश की रक्षा करना है। नायडू ने कहा कि उनके कहने का मतलब है कि कांग्रेस मुख्य और महत्वपूर्ण पार्टी है और अगर राजनीतिक प्रयोग की बात करें तो देवेगौड़ा के नेतृत्व वाली सरकार का गठन इसका बेहतरीन नमूना है।