बेंगलूरु. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव ने रक्षा मंत्री निर्मला सीतारामन पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की जनप्रतिनिधि होने के बावजूद वे जनता और प्रदेश के हितों की रक्षा करने में विफल रही हैं। गुंडूराव ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सीतारामन की प्रदेश से संबंधित मामलों में कोई रुचि नहीं है। प्रदेश के कई विवाद हैं लेकिन रक्षा मंत्री ने उन्हें सुलझाने के लिए प्रधानमंत्री से कोई चर्चा नहीं की। उन्हें प्रदेश के नागरिकों की हितों की रक्षा करने की जरूरत है।