
पटरी से उतरे चार तेल टैंकर
बेंगलूरु. हुब्बली यार्ड में मंगलवार को तेल टैंकर ट्रेन के पटरी से उतर जाने के कारण कुछ रेलगाडिय़ों का मार्ग बदला गया, जबकि कुछ को आंशिक निरस्त किया गया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार हुब्बली यार्ड में सुबह करीब साढ़े 11 बजे चार तेल टैंकर पटरी से उतरने पर रेल यातायात बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही राहत दल ने मौके पर पहुंच आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मैसूरु-बेंगलूरु की तरफ से भी राहत दल को मौके पर भेजा गया। दक्षिण पश्चिम रेलवे की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ई. विजया ने बताया कि शाम ६.२७ बजे तक ट्रैक करी मरम्मत कर कोल्हापुर-हैदराबाद ट्रेन को गदग-गुंटकल की तरफ रवाना किया गया।
दुर्घटना के कारण यातायात रुकने से रेलवे ने रास्ते में फंसे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों का इंतजाम किया। २५ बसों में यात्रियों को कुण्डगोल से हुब्बली और हुब्बली से अन्निगेरी तक पहुंचाया गया। यात्रियों की जानकारी के लिए हुब्बली स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई। साथ ही पूछताछ के लिए अतिरिक्त काउंटर लगाए गए। समय समय पर उद्घोषणा की जाती रही।
घटना स्थल पर अतिरिक्त महाप्रबंधक बीबी सिंह, रेल मंडल प्रबंधक राजेश मोहन, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक जीजे प्रसाद, प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक के शिवा प्रसाद, मुख्य भंडारण अभियंता टी सुब्बाराव व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे के कारणों की जांच के लिए जांच गठित गठित की गई है।
यह ट्रेनें हुई प्रभावित
रेलवे से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार हुब्बली-सोलापुर पैसेंजर ट्रेन को निरस्त किया गया। सोलापुर-धारवाड़ पैसेंजर व धारवाड़-सोलापुर पैसेंजर को कुसुगल-धारवाड़ के बीच, अरसीकेरे-हुब्बली पैसेंजर व हुब्बली-अरसीकेरे पैसेंजर को हुब्बल्ली-कुंडगोल के बीच, विजयवाड़ा-हुब्बली एक्सप्रेस व हुब्बली-विजयवाड़ा एक्सप्रेस को हुब्बली-अन्निगेरी के बीच, सोलापुर-हुब्बली एक्सप्रेस, हुब्बली-सोलापुर एक्सप्रेस व सोलापुर-हुब्बली पैसेंजर को गदग-हुब्बली के बीच आंशिक निरस्त किया गया। वास्को डि गामा-हावड़ा तथा मनुगुरु-छत्रपति शाहु महाराज टर्मिनल एक्सपे्रस को को वाया हुब्बली-हुब्बली साउथ बायपास कुसुगल से गदग मार्ग पर चलाया गया।
ट्रेन के कोच से उठा धुआं, पाया काबू
हिरियुर. यशवंतपुर-बाड़मेर वातानुकूलित ट्रेन के कोच नंबर ५ में अचानक आगे लगने और धुआं उठने से यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। यात्रियों ने जंजीर खींच तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। इस पर यात्रियों ने राहत महसूस की। प्रत्यक्षदर्शी दीपचंद बोकडिय़ा ने बताया कि वाया सोलापुर मार्ग से चलने वाली यशवंतपुर-बाड़मेर वातानुकूलित ट्रेन के पांच नंबर कोच में यात्रियों ने अचानक धुआं उठते देखा।
यह पेंट्री कार का कोच था। घबराए यात्रियों ने सतर्कता बरतते हुए जंजीर खींचकर ट्रेन को रोका। तभी वहां पहुंचे रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों की मदद से पानी का छिडक़ाव कर आग व धुएं पर काबू पाया। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यात्रियों ने राहत महसूस की। इस के चलते ट्रेन करीब सवा घंटे लेट हुर्ई।
Published on:
01 Aug 2018 05:25 am
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
