मैसूरु. मिर्जा रोड पर स्थित नवीकृत बाल उद्यान का उद्घाटन सोमवार को पुलिस आयुक्त डॉ. ए. सुब्रमण्येश्वर राव ने किया।
पुलिस आयुक्त कार्यालय के पास स्थित यह यातायात जागरूकता पार्क है। इसकी स्थापना 1981 में जावा मोटर साइकिल कंपनी के तत्कालीन प्रबंध निदेशक एफके ईरानी ने की थी। यह नवीकृत बाल उद्यान करीब चार एकड़ में फैला हुआ है। अंतिम बार 2007 में इसका जीर्णाेद्धार किया गया था।
यातायात पुलिस ने पार्क में यातायात जागरूकता के लिए कई मॉडल तैयार किए हैं। नवीकृत पार्क में यातायात सिग्नल व्यवस्था, हवासील, दिशा संकेतक, सीसीटीवी सुविधाएं आदि बनाए गए हैं। इसकी देखरेख पुलिस उपायुक्त (अपराध व यातायात) डॉ. विक्रम अमाथे करेंगे। वे विभिन्न शैक्षिक संस्थाओं के विद्यार्थियों को पार्क में घूमने की अनुमति देंगे ताकि वे यातायात नियमों के बारे में ज्यादा जानकारी हासिल कर सकें। उनका मानना है कि यही बच्चे समाज में यातायात जागरूकता फैलाने के लिए ब्रांड एम्बेसडर का काम करेंगे।
कंधे पर लटकाने वाली टार्च वितरित
रात्रि पाली में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को नए डिजायन की कंधे पर लटकाने वाली टॉर्च वितरित की गई। मौके पर डीसीपी एन विष्णुवर्धन, शहर के यातायात पुलिस निरीक्षक विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, शहर यातायात सुझाव समिति के सदस्य आदि मौजूद थे।