
अजा-जजा विकास परिषद की बैठक : 29 हजार करोड़ की कार्ययोजना को मंजूरी
बेंगलूरु. राज्य अनुसूचित जाति-जनजाति विकास परिषद की बैठक में वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए करीब 29 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री कुमारस्वामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को यहां विधानसौधा म हुई बैठक में कर्नाटक अजा उप आवंटन (एसटीपी), जजा उप आवंटन (टीएसपी) अधिनियम के तहत विविध विभागों द्वारा इन वर्गों के कल्याण के लिए बनाई योजनाओं को आंशिक संशोधन के बाद अनुमोदित किया गया।
मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने कहा कि कर्नाटक को छोड़ देश के किसी भी राज्य में अजा-जजा के कल्याण के लिए इतनी बड़ी धनराशि का आवंटन नहीं किया गया है। इस धन के इस्तेमाल के दिशा-निर्देश तत्काल तैयार किए जाने चाहिए। कर्नाटक अजा उप आवंटन, जजा उप आवंटन अधिनियम के अनुसार धन का पूर्ण इस्तेमाल करने में विफल अधिकारियों को दंडित करने का भी प्रावधान है। योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं करने पर विभागीय प्रमुखों को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
लिहाजा निर्धारित अवधि में कार्यक्रमों का क्रियान्वयन कर धन का इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाएं लागू करने में विलंब व उपेक्षा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धन खर्च नहीं करने पर सजा देने का कानून में प्रावधान है लिहाजा अधिकारियों को सतर्कता के साथ काम करना होगा।
उप मुख्यमंत्री जी.परमेश्वर ने कहा कि एसटीपी व टीएसपी के धन का सदुपयोग किया जाए और तय समय सीमा में कार्यक्रम पूरे किए चाहिए। बैठक में लोक निर्माण मंत्री एचडी रेवण्णा, समाज कल्याण मंत्री प्रियांक खरगे, उच्च शिक्षा मंत्री जीटी देवेगौड़ा, मुख्य सचिव टीएम विजय भास्कर सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---
विश्वेश्वरय्या जयंती कल
बेंगलूरु. विजयनगर क्षेत्र के लघु उद्यम महासंघ के सभागार में रविवार को विधायक वी. सोमण्णा फाउंडेशन न्यास के तत्वावधान में सर एम. विश्वेश्वरय्या जयंती के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। विधायक वी.सोमण्णा के मुताबिक अध्यक्षता राज्यसभा सदस्य एल.हनुमंतय्या करेंगे। प्राथमिक तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव डॉ. शालिनी रजनीश दसवीं कक्षा में अधिक अंक प्राप्त करनेवाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कृत करेंगी। विधान परिषद सदस्य ए.देवेगौडा तथा शैलजा सोमण्णा विशेष अतिथि होंगे।
Published on:
29 Sep 2018, 8:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.