राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि येडियूरप्पा कई महीनों से अपने बेटे को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने के लिए पुरजोर लॉबिंग कर रहे थे। हालांकि, पार्टी के भीतर इस कदम का काफी विरोध हो रहा था। विरोधियों का तर्क था कि पार्टी वंशवाद की राजनीति में शामिल नहीं हो सकती। पार्टी आलाकमान इस मुद्दे पर अनिर्णय की स्थिति में था, जिससे पार्टी राज्य में गतिरोध की स्थिति में पहुंच गई थी। विजयेंद्र के अलावा इस पद के संभावित दावदारों में कई नेताओं के नाम थे। राजनीतिक प्रेक्षकों की निगाहें विजयेंद्र की नियुक्ति के बाद येडियूरप्पा के विरोधियों और सत्तारुढ़ कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर टिकी है। 47 वर्षीय विजयेंद्र शिवमोग्गा जिले के शिकारीपुर सीट से विधानसभा के सदस्य हैं। इस क्षेत्र से उनके पिता येडियूरप्पा और बड़े भाई बी. वाई. राघवेंद्र भी विधायक रह चुके हैं। राघवेंद्र अभी शिवमोग्गा से लोकसभा के सदस्य हैं। विजयेंद्र ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के सदस्य के तौर पर राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बनने से पहले विजयेंद्र भाजयुमो के प्रदेश महासचिव भी रहे थे।