
शिवकुमार के नाश्ता बैठक में नहीं पहुंचे रमेश जारकीहोली
बेंगलूरु. जल संसाधन मंत्री डी के शिवकुमार के आवास पर गुरुवार को हुई कांग्रेस मंत्रियों की नाश्ता बैठक में दो मंत्रियों के अनुपस्थित रहने से राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं होती रहीं। बैठक में कांग्रेस के 15 मंत्रियों में से सिर्फ 13 ही उपस्थित थे। नगरीय प्रशासन मंत्री रमेश जारकीहोली और भूगर्भ व खनन मंत्री राजशेखर पाटिल बैठक में नहीं आए।
बताया जाता है कि रमेश ने शिवकुमार को फोन कर बैठक में आने को लेकर असमर्थता जताई थी। बताया जाता है कि मुंबई गए रमेश बेंगलूरु नहीं लौट पाने के कारण बैठक में नहीं आए जबकि पाटिल शहर से बाहर थे। बेलगावी के राजनीतिक मामलों में दखल को लेकर शिवकुमार और रमेश व उनके भाई सतीश जारकीहोली के बीच पिछले महीने विवाद हुआ था। मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी और कांग्रेस आलाकमान के दखल के बाद मामला सुलझा था। उसके बाद रमेश अस्वस्थ शिवकुमार से मिलने उनके आवास पर भी गए थे।
सिद्धरामय्या व दिनेश को नहीं बुलाया
बैठक में कांग्रेस विधायक दल के नेता व पूर्व मुख्यंत्री सिद्धरामय्या तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव को आमंत्रित नहीं किया गया था। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष ईश्वर खंड्रे उपस्थित थे। सिद्धरामय्या और दिनेश को मंत्रिमंडल विस्तार से पहले हुई इस बैठक में नहीं आमंत्रित किए जाने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। हालांकि, बैठक के बाद शिवकुमार ने कहा कि हर बैठक में सिद्धरामय्या को आमंत्रित किया जाना अवश्यक नहीं है। जहां उनकी जरुरत होगी उन्हें बुलाया जाएगा लेकिन इसका ये मतलब कतई नहीं है कि सिद्धरामय्या की उपेक्षा की जा रही है। सिद्धरामय्या के सुझाव पर ही इस बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि अगली बैठक राजस्व मंत्री आर वी देशपांडे के आवास पर होगी।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में कांग्रेस नेताओं की इस तरह की यह तीसरी बैठक है। पार्टी नेताओं में उपजे असंतोष को दूर करने की कोशिश के तहत सिद्धरामय्या ने सबसे पहले नाश्ता बैठक आयोजित की थी। इसके बाद उपमुख्यमंत्री डॉ जी परमेश्वर ने भी ऐसी बैठक की मेजबानी की थी।
चांदी के बर्तन में परोसा गया भोजन !
राजनीतिक हलकों मेे बैठक में मंत्रियों को चांदी के बर्तन में नाश्ता परोसा गया। मंत्रियों को खास तौर पर मुलबागल डोसा परोसा गया। इसके अलावा भी कई स्वादिष्ट व लजीज व्यंजन परोसे गए।
Updated on:
05 Oct 2018 02:42 pm
Published on:
05 Oct 2018 02:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
