15 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कांग्रेस को कोसने से पहले भ्रष्टाचार पर भाजपा का इतिहास देखें मोदी : राहुल

जन आशीर्वाद यात्रा का दूसरा दिन ...

2 min read
Google source verification
rahul ktk

बेंगलूरु. राज्य में भ्रष्टाचार के मसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि सिद्धरामय्या सरकार ने राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है लेकिन भाजपा की पिछली सरकार ने भ्रष्टाचार के विश्व कीर्तिमान तोड़ दिए थे।
हैदराबाद-कर्नाटक क्षेत्र की चार दिवसीय जन आशीर्वाद यात्रा के दूसरे दिन जनसभा में राहुल ने लोगों से पिछली भाजपा सरकार के दौरान की स्थिति को याद करने की बात कहते हुए सिद्धरामय्या सरकार की तारीफ की। राहुल ने कहा कि पांच साल के शासन के दौरान भाजपा ने तीन मुख्यमंत्री बदले, मुख्यमंत्री सहित ४ मंत्री जेल गए और 11 मंत्रियों को पद छोडऩा पड़ा। अपनी पार्टी की शासन के ऐसे इतिहास को भूलकर आज मोदी कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को लेकर आरोप लगा रहे हैं जबकि स्थिति बिल्कुल विपरीत है। राज्य में जब भाजपा की सरकार थी तब एक के एक बाद घोटाले सामने आ रहे थे। खनन से लेकर ऐसा कोई क्षेत्र नहीं रहा जहां कोई घोटाला नहीं हुआ हो, लेकिन पिछले पांच साल के दौरान एक भी घोटाला सामने नहीं आया है। जिले में विभिन्न जगहों पर नुक्कड़ सभाओं के दौरान राहुल ने लोगों से कांग्रेस को समर्थन देने की अपील की। राहुल ने कहा कि चुनाव करीब आ गए हैं। कांग्रेस और सिद्धरामय्या का समर्थन कीजिए ताकि अगली बार हम आपके लिए बेहतर तरीके से काम कर सकें।
राहुल ने कहा कि सिद्धरामय्या के नेतृत्व में कांग्रेस ने वादे के मुताबिक काम किया है। सिद्धरामय्या बसवण्णा के सिद्धांतों का पालन करते हैं। राहुल ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा में अंतर हैं। हम वहीं कहते हैं जो करते हैं और जो कहते हैं उसे पूरा करते हैं। हैदराबाद-कर्नाटक क्षेत्र को विशेष दर्जा देने के लिए संविधान के अनुच्छेद ३७१ में संशोधन के प्रस्ताव को भाजपा ने खारिज कर दिया था। तत्कालीन उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी का कहना था कि संशोधन करने से बाकी राज्यों में ऐसी मांग उठेगी लेकिन कांग्रेस सत्ता में आई तो संविधान संशोधन कर इस क्षेत्र को अनुच्छेद ३७१ (जे) के तहत विशेष दर्जा दिया गया जिससे इस क्षेत्र का तेजी से विकास हुआ। कलबुर्गी, बीदर और कोप्पल में चिकित्सा महाविद्यालय खुले।