1 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मोदी को कांग्रेस की हार में क्यों दिखता है गाँधी का सपना

मोदी ने कहा कि अगर विकास चाहते हैं तो काम करने वाली भाजपा की सरकार चुनें

3 min read
Google source verification
modi

बेंगलूरु. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पहले चुनावी दौरे में तीन सभाएं की और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उडुपी और बेलगावी जिले के चिक्कोड़ी में सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने जनता से महात्मा गांधी के सपने को साकार करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा होने से कांग्रेस को बिखेर देने का गांधी का सपना पूरा हो जाएगा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेता सिर्फ वादे और घोषणाएं करते हैं, काम नहीं। मोदी ने कहा कि अगर विकास चाहते हैं तो काम करने वाली भाजपा की सरकार चुनें।

मोदी ने राज्य में भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि जब कांग्रेस बुरी तरह से हारने लगती है, तो यह फैलाया जाने लगता है कि किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलेगा और त्रिशंकु सरकार बनेगी। मोदी ने कहा कि पिछले चार साल में जनता को जहां भी मौका मिला, कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया। अब कांग्रेस की बारी है। जब कांग्रेस के लोग कहने लगे कि त्रिशंकु सरकार आने वाली है, तो समझ लीजिएगा कि कांग्रेस हारने लगी है।

मोदी ने कहा कि सिद्धारामय्या सरकार ने राज्य के किसानों के लिए कोई काम नहीं किया। किसानों के लिए कर्नाटक में सबसे पहले बी एस येड्डियूरप्पा की सरकार योजना लेकर आर्ई। मोदी ने कहा कि यह अवसर सरकार को चुनने का है। कर्नाटक में हमारी सरकार बनाइए और पाई-पाई का हिसाब लीजिए। मोदी ने कहा कि कांग्रेस को सिर्फ सत्ता चाहिए। सत्ता गई तो कांग्रेस तड़पने लगती है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की सिद्धरामय्या सरकार अपने पांच साल के कामकाज का जनता को हिसाब दे। कांग्रेस अपने काम का हिसाब नहीं दे रही है और मोदी के कामकाज का हिसाब बना रही है।

मोदी ने कहा कि मैं कांग्रेस से कहना चाहूंगा कि चुनाव आएंगे-जाएंगे। राजनीति होती रहेगी। सरकारें बदलेंगी, लेकिन देश होगा, समाज होगा, देश में एकता होगी, देशवासियों के सपने होंगे, तभी देश का भला होगा, इसलिए समाज को तोडऩा बंद कीजिए। मोदी ने कहा कि हिंदुस्तान के संविधान के साथ अगर सबसे ज्यादा खिलवाड़ किसी ने किया है, तो वो कांग्रेस ने किया है। आपातकाल के समय कांग्रेस ने संविधान की धज्जियां उड़ा दी थी, लेकिन हमने आज तक संविधान की अवमानना नहीं की। कांग्रेस झूठ फैला रही है। कांग्रेस आज भाई-भाई को लड़ाने, उत्तर और पश्चिम के लोगों को आपस में लड़ाने और झूठ का अभियान चलाने का काम कर रही है।

मोदी ने कहा कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के प्रति कांग्रेस सरकार का रवैया अच्छा नहीं था। कांग्रेस ने कभी भी बाबा साहेब का सम्मान नहीं किया। मोदी ने कहा कि आज दुनिया भर में भारत का डंका बज रहा है, इसकी वजह यह है कि देश की जनता ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि जनता ही सरकार की मालिक है। अगर स्पष्ट बहुमत मिलेगा, तो कोई बहाना नहीं होगा और आप हिसाब मांग सकेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जो कमी रह गई है, उसको इस चुनाव में पूरी कीजिए। ताकि भाजपा को शानदार जीत मिल सके।

-------------

बजरी माफिया से संबंध, आतंक का राज
उडुपी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य सरकार पर बजरी माफिया से संबंध रखने, आतंक का राज चलाने व कानून-व्यवस्था बनाए रखने मेंं विफल होने के आरोप लगाए हैं। मोदी ने मंगलवार को तटीय कस्बे उडुपी के एमजीएम मैदान में पार्टी की चुनाव रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दो सालों में इस क्षेत्र में भाजपा व हिन्दू संगठनों के सदस्यों की दो दर्जन से अधिक हत्याएं हुई हैं। केन्द्र सरकार देश में व्यवसाय करना आसान बना रही हैं। इसके विपरीत कर्नाटक की सरकार हत्या करने में आसानी को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की बजरी माफिया के साथ मिलीभगत है जिसकी वजह से घर बनाने वाले लोगों को काला बाजार से बजरी खरीदने पर विवश होना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राजनीति में इस तरह का बर्ताव सफल नहीं हो सकता और ऐसा रवैया राज्य को विकास के पथ पर आगे नहीं बढ़ा सकता। केवल भाजपा के पास ही राज्य के विकास की योजना व सोच है और वही राज्य को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के उपेक्षित रवैयै के कारण ही कडूर- चिक्कमगलूरु-सकलेशपुर रेलवे लाइन सहित अनेक परियोजनाओं में हद से अधिक विलंब हो रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता दल (ध) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एच.डी.देवेगौड़ा बड़े नेता हैं लेकिन सिद्धरामय्या उनके बारे में जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं वह आपत्तिजनक है। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद जब भी देवेगौड़ा नई दिल्ली में उनसे मिलने आते हैं तो वे उनका उसी तरह सम्मान करते हैं जिसके वे हकदार हैं।

जनसभा में उपस्थित भीड़ ने जब अनुवादक का इस्तेमाल नहीं करने की मांग की तो मोदी ने कहा कि इससे स्पष्ट हो जाता है कि हमारे बीच भाषा कोई बाधा नहीं है। उन्होंने कहा कि उनको सुनने के लिए आई लोगों की भारी भीड़ संकेत देती है कि सिद्धरामय्या सरकार को तत्काल सजा दिए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उडुपी शहर के साथ भाजपा की चिरस्थाई रिश्ता रहा है और यहां तक कि जनसंघ के जमाने में भी यहां पर नगरपालिका में जनसंघ को प्रतिनिधित्व मिलता रहा था। मोदी ने केन्द्र सरकार की सागरमाला परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत देश के तटीय इलाकों में बड़ी संख्या में बंदरगाहों का निर्माण होगा और उडुपी में मत्स्य बंदरगाह का विकास किया जाएगा।